तमिलनाडु के पूर्व मंत्री के 35 ठिकानों पर छापे, नौ लक्जरी कारें जब्त, आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज

चेन्नई : निगरानी एवं भ्रष्टाचार विरोधी निदेशालय (डीवीएसी) ने गुरुवार को तमिलनाडु के पूर्व मंत्री एवं अन्नद्रमुक नेता केसी वीरामणि से संबंधित 35 परिसरों और ठिकानों पर छापेमारी की। इनमें तिरुपत्तूर जिले के जोलारपेट्टइ में पूर्व मंत्री का पैतृक घर भी शामिल है। आय से अधिक संपत्ति के मामले में डीवीएसी ने 34 लाख रुपये नकद और नौ लक्जरी कारें अन्य चीजें जब्त कर लीं।

जिन स्थानों पर तलाशी ली गई हैं उनमें दो कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु और छह चेन्नई में हैं। डीवीएसी की कार्रवाई को अन्नाद्रमुक ने बदले की कार्रवाई बताया है। पार्टी ने दावा किया है कि तलाशी का उद्देश्य अन्नाद्रमुक कार्यकर्ताओं को संबंधित जिलों में अगले महीने होने जा रहे निकाय चुनावों में पूरे उत्साह के साथ काम करने से रोकना है। वीरामणि 2016-2021 तक अन्नाद्रमुक सरकार में वाणिज्य कर विभाग संभाल चुके हैं।

डीवीएसी के रडार में आने वाले वह पूर्व की अन्नाद्रमुक सरकार के तीसरे मंत्री हैं। इससे पहले विजयभास्कर (परिवहन) और एसपी वेलुमणि (नगरपालिका प्रशासन) जांच के घेरे में आ चुके हैं। तलाशी में 34.01 लाख रुपये नकद, एक राल्स रायस समेत नौ लग्जरी कारें, 4.987 किलो सोने के आभूषण, 47 ग्राम हीरे के आभूषण और संपत्ति के दस्तावेज मिले हैं।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter