तालिबान के अफगानिस्तान में कब्जा जमाने के बीच जयशंकर की 4 दिवसीय अमेरिकी यात्रा

नई दिल्ली : विदेश मंत्री एस. जयशंकर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) के कई कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए सोमवार से अमेरिका की चार दिवसीय यात्रा शुरू करेंगे। इन कार्यक्रमों में आतंकवाद पर चर्चा भी शामिल है, जो सुरक्षा परिषद की भारत की अध्यक्षता में आयोजित की जाएगी।

विदेश मंत्रालय ने रविवार को यात्रा की घोषणा करते हुए कहा कि जयशंकर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में शांति रक्षा पर एक खुली चर्चा की भी अध्यक्षता करेंगे। तालिबान के अफगानिस्तान में कब्जा जमाने के बीच उनकी यह यात्रा हो रही है और संयुक्त राष्ट्र अधिकारियों के साथ इस मुद्दे पर भी चर्चा हो सकती है।

विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘विदेश मंत्री एस. जयशंकर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की भारत की अध्यक्षता के दौरान न्यूयार्क की यात्रा करेंगे और 18 व 19 अगस्त को दो उच्चस्तरीय कार्यक्रमों की अध्यक्षता करेंगे।’

बयान के मुताबिक, 18 अगस्त को पहला कार्यक्रम ‘रक्षकों की रक्षा : प्रौद्योगिकी और शांति रक्षा’ पर एक खुली चर्चा का है, जबकि 19 अगस्त को दूसरा कार्यक्रम ‘आतंकवादी कृत्यों के कारण अंतरराष्ट्रीय शांति एवं सुरक्षा को खतरा’ पर एक उच्च स्तरीय चर्चा होगी। 

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter