थाने की छत पर एसआइ ने सर्विस रिवाल्वर से खुद को मार ली गोली, पहले पिता और बहन ने भी कर ली थी खुदकुशी

नई दिल्ली । दिल्ली में पांडव नगर थाने की छत पर शुक्रवार दोपहर एक एसआइ ने सर्विस रिवाल्वर से सिर में गोली मारकर खुदकुशी कर ली। मृतक की पहचान राहुल इंदौलिया के रूप में हुई है। पुलिस को कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। खुदकुशी के कारणों का पता नहीं चल पाया है। माना जा रहा है कि काम का बोझ और घरेलू कलह के चलते एसआइ ने खुदकुशी की। दिसंबर 2020 में एसआइ की शादी हुई थी। खुदकुशी की सूचना मिलते ही जिले के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।

पुलिस के अनुसार राहुल मूलरूप से उत्तर प्रदेश के आगरा स्थित मेन मार्केट किरावली के रहने वाले थे। वह 2015 बैच के एसआइ थे। वर्ष 2017 से उनकी तैनाती पांडव नगर थाने में थी। शुक्रवार दोपहर एक बजे के आसपास थाने के बराबर में बने अस्पताल का एक कर्मचारी किसी काम से अस्पताल की छत पर गया, वहां उसकी नजर थाने की छत पर पड़ी तो देखा कोई व्यक्ति खून से लथपथ गिरा पड़ा है। कर्मचारी ने इसकी जानकारी थाने जाकर पुलिसकर्मियों को दी। जब पुलिसकर्मी थाने की छत पर गए तो देखा राहुल खून से लथपथ पड़े हैं। जब पुलिसकर्मी पहुंचे तब तक एसआई की मौत हो चुकी थी। सर्विस रिवाल्वर पास में ही पड़ी थी।

हैरानी की बात यह है कि एसआइ ने छत पर सर्विस रिवाल्वर से गोली मारकर खुदकुशी कर ली और इसकी भनक थाने के पुलिसकर्मियों को नहीं लगी। एसआइ के साथी पुलिसकर्मियों ने बताया कि वे काफी सरल स्वभाव के थे। कुछ दिन पहले वे छुट्टी लेकर अपने गांव गए थे। राहुल को देखकर कभी ऐसा नहीं लगा कि वे खुदकुशी कर सकते हैं। मानसिक तौर पर भी वे सही थे। उन्होंने बताया कि राहुल पर काम का दबाव काफी था और उनके घर में किसी बात को लेकर झगड़ा चल रहा था। इस वजह से वे कुछ दिनों से तनाव में थे।

पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने काम के दबाव में खुदकुशी करने की बात को नकारा है। पुलिस को जांच में पता चला है कि राहुल इंदौलिया के पिता ने कारोबार में हुए नुकसान की वजह से 2004 में खुदकुशी की थी। राहुल की बहन ने मां से हुए झगड़े के बाद 2015 में घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी। पुलिस राहुल के स्वजन से पूछतांछ कर मामले की जांच कर रही है। पुलिस केस दर्ज कर सभी दृष्टिकोण से मामले की जांच कर रही है। परिवार ने जो आरोप लगाए हैं, उसकी भी जांच की जा रही है।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter