दतिया कलेक्टर बदले, फिर संजय कुमार की गई पदस्थापना,एसपी और एडीएम को भी बदला जाएगा
दतिया. भांडेर उपचुनाव खत्म होते ही एक बार फिर से दतिया कलेक्टर का स्थानांतरण कर दिया गया है। पूर्व कलेक्टर संजय कुमार दतिया जिले के दोबारा कलेक्टर बनाए गए हैं। दतिया कलेक्टर बी. विजय दत्ता को भांडेर उप चुनाव परिणाम के साथ ही औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग में उप सचिव बनाकर स्थानांतरित कर दिया गया है। पूर्व कलेक्टर संजय कुमार गुरुवार को पदभार ग्रहण करेंगे। बताया जाता है कि कलेक्टर के तबादले के साथ ही एक-दो दिन में एसपी गुरुकरण सिंह का भी तबादला किए जाने की संभावना जताई जा रही है। उनके स्थान पर पुनः अमन सिंह राठौर को पुलिस अधीक्षक दतिया बनाया जाएगा। इसी तरह एडीएम सुजान सिंह रावत का भी स्थानांतरण तय माना जा रहा है।

बुधवार को दिनभर कलेक्टर कार्यालय में इसी बात की चर्चा रही कि एक के बाद एक अधिकारी गए और अब एक के बाद एक फिर से अधिकारी आ रहे हैं। कलेक्टर बी. विजय दत्ता ने जितने दिन दतिया में गुजारे वह सर्किट हाउस में ही रहे। इसी तरह पुलिस अधीक्षक गुरुकरण सिंह भी सर्किट हाउस में ही अपने दिन काटते रहे । तय माना जा रहा था कि चुनाव परिणाम आते ही इन दोनों अधिकारियों के स्थानांतरण कर दिए जाएंगे। हालांकि कलेक्टर दत्ता और पुलिस अधीक्षक गुरुकरण सिंह ने जिस प्रकार भांडेर विधानसभा उपचुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से निपटाया वह सराहनीय माना जा रहा है। कहीं पर भी चुनाव के दौरान कोई विवाद या आपत्ति जैसी चीजें नहीं हुई। इसके अलावा पुलिस विभाग ने बड़ी मात्रा में अवैध शराब कारोबार पर भी आबकारी विभाग के साथ मिलकर रोक लगाई। बुधवार को ग्वालियर कमिश्नर और आईजी ने भी बैठक के दौरान कलेक्टर दत्ता के कार्यों की प्रशंसा की और उन्हें अनौपचारिक विदाई भी दी। बताया जा रहा है कि एडीएम सुजान सिंह रावत का स्थानांतरण भी एक-दो दिनों में होने की संभावना है, उनके स्थान पर पुनः पुराने एडीएम विवेक कुमार रघुवंशी आ सकते हैं।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter