दुष्कर्म और पत्रकार हत्याकांड के दोषी गुरमीत राम रहीम की तबियत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती ,बढ़ाई गई सुरक्षा

रोहतक : साध्वी दुष्कर्म और पत्रकार हत्याकांड के दोषी डेरा सच्चा सौदा सिरसा के प्रमुख गुरमीत सिंह को स्वास्थ्य खराब होने पर बुधवार शाम को पीजीआइएमएस (पंडित भगवत दयाल शर्मा पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट आफ मेडिकल साइंस) रोहतक में भर्ती कराया गया। सुनारिया जेल से कड़ी सुरक्षा के बीच एंबुलेंस में लाया गया। इस मामले को पूरी तरह से गोपनीय रखा गया था ताकि किसी को इसकी भनक न लगे। सुनारिया जेल में सजा काट रहे गुरमीत सिंह का बुधवार को स्वास्थ्य बिगड़ गया। जेल के अस्पताल में चिकित्सकों ने उसकी जांच की। लेकिन हालत में सुधार नहीं होने पर पीजीआइएमएस के चिकित्सकों की एक टीम को सुनारिया जेल में भेजा गया। बाद में उसे पीजीआइ में भर्ती करने का निर्णय लिया गया। शाम छह बजकर दस मिनट पर गुरमीत सिंह को एंबुलेंस से पीजीआइ लाया गया। एंबुलेंस से नीचे उतरते ही गुरमीत सिंह को सुरक्षा घेरे में लेकर स्पेशल वार्ड में ले जाया गया।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter