भांडेर. निर्वाचन आयोग से अनुमति न मिलने के चलते अंतिम समय में गुरुवार को सीएम शिवराज सिंह चौहान का भांडेर दौरा निरस्त हो गया। उप चुनाव के चलते भांडेर विधानसभा के उनाव मंडल के ग्राम बसवाह में मुख्यमंत्री को बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करने आना था। इसके साथ ही गत मंगलवार को सराफा बाजार में सिलेंडर ब्लास्ट में हताहतों के परिजनों से भी उनके मिलने का भांडेर में कार्यक्रम था । लेकिन अंतिम समय में सवा एक बजे उनका कार्यक्रम निरस्त होने की सूचना दी गई। इस संबंध में विधानसभा प्रभारी महेंद्र सिंह यादव ने बताया कि हाईकोर्ट के आमसभा न करने के आदेश के पालन एवं निर्वाचन आयोग से अनुमति न मिल पाने के चलते उनका कार्यक्रम निरस्त हुआ है।
मृतकों के परिजन करते रहे इंतजार
प्रशासन द्वारा मुख्यमंत्री के आगमन की सूचना सिलेंडर ब्लास्ट हादसे के मृतकों के परिजनों को दिए जाने के बाद गुरूवार को मृतक मीना पंसारी, लक्ष्मण साहू तथा नसीब खां के परिजन इंतजार करते रहे। लेकिन मुख्यमंत्री का कार्यक्रम निरस्त होने के बाद सांसद संध्या राय, घनश्याम पिरौनिया, जबलपुर विधायक अशोक रोहाणी आदि ने मृतकों के निवास पर जाकर उनके परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। वहीं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कांग्रेस अरुण यादव, सेंंवढ़ा विधायक घनश्याम सिंह, विधानसभा प्रभारी कमलेश्वर पटेलए आदि ने भी मीना और लक्ष्मण के परिजनों के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की।
मुख्यमंत्री भले ही ना आएं हो लेकिन अतिक्रमण जरुर हट गए
गुरुवार को भांडेर में मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए उत्कृष्ट विद्यालय से सराफा बाजार तक का रास्ता जो सामान्य दिनों में फुटपाथ विक्रेताओं के अतिक्रमण से घिरा रहता था, अतिक्रमण मुक्त करा दिया गया। विशेषकर उत्कृष्ट विद्यालय से न्यायालय प्रवेश गेट तक के रास्ते पर जहां दोनों तरफ के फुटपाथ पर अतिक्रमण के चलते पैदल भी निकलना कभी मुश्किल होता था, वहां पूरा रास्ता अतिक्रमण मुक्त तथा साफ सुथरा दिखा। इसी प्रकार विश्रामगृह के पास सड़क किनारे खड़े होने वाले फल विक्रेताओं को भी हटा दिया गया था। लेकिन जैसे ही मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के निरस्त होने की सूचना मिलते ही वहां तैनात पुलिस कर्मी भी हटने लगे। जिसके बाद खाली जगह पर ठेले लगने लगे।

