निशाना: भगत सिंह कोश्यारी ने ‘काली टोपी’ का किस्सा सुनाकर राहुल पर जमकर कसे तंज

नई दिल्ली : महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने शनिवार को राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस नेता का मानना था कि उत्तराखंड की पारंपरिक काली टोपी, जो वह पहनते हैं, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़ी है और हिंदुत्व के विचारक वीर सावरकर संघ से थे।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री कोश्यारी ने अपनी पुस्तक ‘भारतीय संसद में भगत सिंह कोश्यारी’ के विमोचन के मौके पर कहा कि सरकार को संसद में पिछले सत्र जैसी की स्थिति से निपटना होगा, जब उनके जैसे लोग (राहुल गांधी) विपक्ष का नेतृत्व कर रहे हैं। पुस्तक का विमोचन यहां कांस्टीट्यूशन क्लब आफ इंडिया में किया गया। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, अश्विनी कुमार चौबे, कोश्यारी और भाजपा के वरिष्ठ नेता श्याम जाजू मौजूद रहे।

चाणक्य वार्ता प्रकाशन समूह ने कोश्यारी द्वारा भारतीय संसद के दोनों सदनों राज्यसभा एवं लोकसभा में दिए गए भाषणों का संकलन प्रकाशित किया है। इस पुस्तक में कोश्यारी द्वारा याचिका समिति के अध्यक्ष के रूप में लिए गए अनेक महत्वपूर्ण निर्णयों की रिपोर्ट भी प्रकाशित की गई है। लगभग 450 पृष्ठों की इस पुस्तक में कोश्यारी के जीवन से जुड़े हुए महत्वपूर्ण छायाचित्रों को भी संकलित किया गया है।

यह पुस्तक चार खंडों में विभाजित है। कोश्यारी के भाषण से पूर्व केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने सत्र में विपक्ष के आचरण की आलोचना की। उन्होंने संसद में एक सांसद के रूप में महाराष्ट्र के राज्यपाल की ईमानदार और सम्मानजनक भूमिका की सराहना की। गोयल ने कहा कि संसद में जो कुछ हुआ, उससे उन्हें दुख हुआ होगा।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter