पंजाबः चुनाव से पहले वादों का दौर, अकाली दल ने किया 400 यूनिट फ्री बिजली का वादा

चंडीगढ़ : शिरोमणि अकाली दल ने 2022 के विधानसभा चुनाव के लिए शंखनाद करते हुए 13 बड़े चुनावी एलान किए हैं। शिअद ने किसान, युवा, उद्योगपतियों आदि हर वर्ग का ध्यान रखते हुए महिलाओं पर विशेष फोकस किया है।

मीडिया से बात करते हुए पार्टी अध्यक्ष सुखबीर बादल ने हर घर को हर महीने 400 यूनिट मुफ्त बिजली देने का एलान किया। इससे अधिक होने वाली खपत पर ही बिल लिया जाएगा।

नीला कार्ड धारकों का बिजली बिल माफ होगा। इससे पहले कांग्रेस हाईकमान ने राज्य में 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने के लिए कैप्टन सरकार को कहा था, जबकि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंदर केजरीवाल पंजाब में सरकार बनने पर 300 यूनिट मुफ्त बिजली का एलान कर चुके हैं।

सुखबीर ने सेहत सुविधा के लिए हर परिवार का 10 लाख रुपये का बीमा करने, एक लाख सरकारी व 10 लाख निजी क्षेत्र की नौकरियों के प्रबंध करने, सार्वजनिक व निजी क्षेत्र में 75 फीसद पंजाबियों को नौकरी देने के लिए बिल लाने का एलान, ठेका कर्मचारियों को पक्का करने, एक साल में सभी सरकारी दफ्तरों का कंप्यूटरीकरण करने का एलान भी किया।

इन घोषणाओं को पूरा करने के लिए वित्तीय संसाधन जुटाए जाने के सवाल पर सुखबीर ने कहा कि पार्टी आय के स्त्रोत बढ़ाने पर अध्ययन कर रही है, जल्द ही उसका एलान भी किया जाएगा।

सुखबीर के वादे महिलाओं के लिए : नीला कार्ड धारक परिवार की मुखिया महिलाओं को 2000 रुपये प्रति माह और सरकारी नौकरियों में 50 फीसद आरक्षण दिया जाएगा। 

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter