धर्मशाला : हिमाचल प्रदेश में कांगड़ा जिले के करेरी क्षेत्र में नाले में बहने से पंजाबी सूफी गायक 30 वर्षीय मनमीत सिंह की मौत हो गई है। पुलिस ने उनका शव बरामद कर लिया है। मनमीत सिंह दोस्तों के साथ धर्मशाला घूमने आए थे और यहां के बाद वह करेरी झील की ओर चले गए थे।
रविवार को वह दोस्तों के साथ करेरी क्षेत्र में ही रुके थे और सोमवार सुबह लौटते समय नाला पार करते समय पानी में बह गए।
इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल पाया था। जब नाले मंे पानी का बहाव कम हुआ तो राहत व बचाव दल ने उनका शव बरामद किया।
बचाव दल के सदस्य शव जोनल अस्पताल धर्मशाला ले आए हैं। पुलिस अधीक्षक कांगड़ा विमुक्त रंजन ने इस मामले की पुष्टि की है। मनमीत सिंह सिंगिंग ग्रुप सेन ब्रदर्स के नाम से मशहूर थे और देश व विदेश में शो करते थे।
मनमीत सिंह की मौत से उनके चाहने वाले काफी आहत हैं। उल्लेखनीय है कि सोमवार को हुई मूसलधार बारिश से कांगड़ा जिले में करोड़ों की संपत्ति का नुकसान हुआ था।
भागसूनाग क्षेत्र में कई कारें व मोटरसाइकिल बह गई थीं और चैतडू क्षेत्र में कई मकान तेज बहाव में बह गए थे।
पर्यटन स्थल त्रियुंड में फंसे करीब 80 पर्यटकों को प्रशासन ने रेस्क्यू किया था। शाहपुर हलके के तहत लमडल क्षेत्र में बुधवार को फंसे चार स्थानीय लोगों को प्रशासन ने सुरक्षित निकल लिया है।


