पश्चिम बंगाल: चुनावों के बाद हुई हिंसा मामले में सीबीआई ने पूर्वी मेदिनीपुर से 11 लोगों को किया गिरफ्तार

कोलकाता : बंगाल में विधानसभा चुनाव के बाद हुई हिंसा के मामले की जांच कर रही सीबीआइ ने शनिवार को पूर्व मेदिनीपुर जिले से 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। गौरतलब है कि इसी जिले के नंदीग्राम में चुनाव बाद हुए हमले में जख्मी भाजपा कार्यकर्ता की मौत के मामले में सीबीआइ ने हल्दिया कोर्ट में तीन लोगों के खिलाफ शुक्रवार को आरोप-पत्र दाखिल किया था। इसके एक दिन बाद अब हिंसा के अन्य मामले में 11 लोगों को गिरफ्तार किया है।

इससे पहले सीबीआइ ने छह सितंबर को चुनाव बाद राज्य में हुई हिंसा में कथित संलिप्तता को लेकर हावड़ा जिले से छह लोगों को डोमजूर इलाके से गिरफ्तार किया था।

सीबीआइ चुनाव बाद हिंसा मामले में अब तक 40 प्राथमिकी दर्ज कर चुकी है और 20 से अधिक लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। बता दें कि कलकत्ता हाई कोर्ट के निर्देश पर सीबीआइ ने बंगाल में चुनाव बाद हिंसा की जांच शुरू की है। इसके अलावा कोर्ट ने हिंसा से जुड़े कम गंभीर मामलों की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआइटी) भी गठित करने का आदेश दिया है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter