पश्चिम बंगाल चुनाव के प्रत्याशियों को कोरोना ने जकड़ा, एक की हुई मौत, चुनाव की लापरवाही पड़ने लगी है भारी

कोलकाता । पश्चिम बंगाल के चुनाव के आगे आमजनता की जान की कोई कीमत नजर नहीं आ रही है। राजनैतिक पार्टियों को अपनी रैली और आमसभा में भीड़ खासी पसंद है। जबकि कोरोना का संक्रमण पूरे देश में हावी हो रहा है। सब कुछ जानते हुए ऐसा कोई नेता नहीं है जो बंगाल में आमसभा और रैली करने न पहुंचा हो। राजनेता की इस हरकत पर लोग तो मजाक में भी कहने लगे हैं कि जब तक चुनाव है शायद तब तक बंगाल में कोरोना घुस नहीं सकता? देश के बड़े मंत्री और प्रदेश की राजनीति में सक्रिय नेताओं को जनता की जान से ज्यादा सिर्फ चुनाव नजर आ रहा है। इस गैरजिम्मेदारी का ही नतीजा है कि भीड़ में जनसंपर्क करने वाले प्रत्याशी ही कोरोना के पंजे में आ गए हैं। जिनमें से एक की मौत भी संक्रमण के चलते होना बताई जा रही है।

पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनावों में जिस तरह से कोरोना गाइडलाइन्स की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं, उसका नतीजा दिखने लगा है। इन चुनावों में भाग ले रहे पश्चिम बंगाल के कम से कम पांच प्रत्याशी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें से तीन प्रत्याशी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी), एक रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी (आरएसपी) और एक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के हैं। खबरों के मुताबिक संक्रमित प्रत्याशियों में- माटीगाड़ा-नक्सलबाड़ी सीट से भाजपा के आनंदमय बर्मन, गोलपोखर से टीएमसी के मोहम्मद गुलाम रब्बानी, तापन से टीएमसी के कल्पना किसकू, जलपाईगुड़ी से टीएमसी के डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा और जंगीपुर से आरएसपी के उम्मीदवार प्रदीप कुमार नंदी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं।

जबकि इससे पहले कोरोना संक्रमित हुए मुर्शिदाबाद विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के प्रत्याशी रिजाउल हक का गुरुवार को निधन हो चुका है। बता दें कि पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों की वजह से कोरोना गाइडलाइन्स की जमकर धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। ऐसा करने वालों में सभी दल और नेता शामिल हैं। अधिकतर रैलियों में लोग सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क जैसी मूलभूत एहतियात को भी नहीं अपना रहे हैं।

बता दें कि पश्चिम बंगाल विधानसभा का कार्यकाल 30 मई 2021 को पूरा हो रहा है। यहां 294 विधानसभा सीटें हैं। यहां 27 मार्च से 8 चरणों में होने वाले चुनाव जारी हैं। पश्चिम बंगाल में 1,01,916 बूथ हैं। 27 मार्च, 1 अप्रैल, 6 अप्रैल, 10 अप्रैल को चुनाव के चार चरण पूरे हो चुके हैं। जबकि 17 अप्रैल, 22 अप्रैल, 26 अप्रैल और 29 अप्रैल को चार चरण और होने हैं। 2 मई को चुनाव के परिणाम आएंगे। यहां पिछले 10 साल से ममता बनर्जी मुख्यमंत्री हैं।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter