“प्रत्येक वोट जरूरी है” पर राज्य स्तरीय स्लोगन प्रतियोगिता : प्रथम 51 हजार रुपये का होगा पुरस्कार, अंतिम तारीख 25 अप्रैल

भोपाल : मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने बताया है कि लोकसभा निर्वाचन 2024 में मतदान का प्रतिशत बेहतर हो, इसके लिए मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत “प्रत्येक वोट जरूरी है” विषय पर राज्य स्तरीय स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।

प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही 10 प्रतिभागियों को विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता में प्राप्त प्रविष्टियों के मूल्यांकन के लिए एक राज्य स्तरीय चयन समिति का गठन भी किया गया है। चयन समिति के मूल्यांकन के बाद परिणाम घोषित किये जाएंगे। उन्होंने बताया कि प्रतिभागियों को अपनी प्रविष्टि mp.mygov.in पोर्टल पर भेजनी होगी। इसके साथ ही प्रतियोगिता से संबंधित जानकारी मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की वेबसाइट पर भी उपलब्ध रहेगी। गुरूवार 25 अप्रैल तक प्रतिभागी अपनी प्रविष्टि भेज सकेंगे।

विजयी प्रतिभागियों को यह मिलेगी पुरस्कार राशि

– प्रथम पुरस्कार – ₹51,000 एवं प्रमाण पत्र

– द्वितीय पुरस्कार – ₹21,000 एवं प्रमाण पत्र

– तृतीय पुरस्कार – ₹11,000 एवं प्रमाण पत्र

–10 प्रतिभागियों को 5,100-5,100 रुपये का विशेष पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र दिया जाएगा।

नियम एवं शर्तें

-प्रतिभागी को मध्यप्रदेश का मूल निवासी होना चाहिए।

-एक प्रतिभागी की एक प्रविष्टि अधिकतम 25 से 30 शब्दों की मान्य होगी।

-प्रविष्टि मौलिक, अर्थपूर्ण एवं हिंदी भाषा में होना चाहिए।

-प्रविष्टि में किसी भी उत्तेजक या आपत्तिजनक शब्द का प्रयोग नहीं होना चाहिए।

-प्रतिभागी प्रविष्टि के साथ अपना नाम, पता, मोबाइल नंबर एवं ईमेल आईडी भी जरूर लिखें।

-पुरस्कार के लिए श्रेष्ठ प्रविष्टि का चयन मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय द्वारा गठित राज्य स्तरीय चयन समिति द्वारा किया जाएगा। चयन समिति का निर्णय अंतिम होगा।

-प्रतियोगिता के लिये प्रविष्टि भेजने की अंतिम तिथि 25 अप्रैल 2024 है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!