नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजमार्गों पर सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए फास्टैग वार्षिक पास अब थोड़ा महंगा होने जा रहा है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए इसकी फीस में संशोधन किया है।
नई दर के अनुसार फास्टैग वार्षिक पास का शुल्क 3000 रुपये से बढ़ाकर 3075 रुपये कर दिया गया है। यह नई दर 1 अप्रैल 2026 से प्रभावी होगी।
1150 टोल प्लाजा पर मिलेगा लाभ
यह वार्षिक पास मान्य फास्टैग वाले गैर-व्यावसायिक वाहनों पर लागू होगा। इससे देशभर के राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेसवे के लगभग 1150 टोल प्लाजा पर सुविधा मिल सकेगी।
एक साल या 200 टोल पार करने तक वैध
फास्टैग वार्षिक पास लेने वाले वाहन चालकों को बार-बार रिचार्ज करने की जरूरत नहीं पड़ती। एक बार शुल्क जमा करने पर यह पास: एक वर्ष तक, या 200 टोल प्लाजा पार करने तक मान्य रहेगा।
ऐसे होगा एक्टिवेट
वाहन मालिक राजमार्ग यात्रा ऐप या एनएचएआई की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए एकमुश्त शुल्क का भुगतान कर सकते हैं। भुगतान के बाद पास करीब दो घंटे के भीतर वाहन से जुड़े फास्टैग पर सक्रिय हो जाता है।
56 लाख से ज्यादा उपयोगकर्ता
एनएचएआई के अनुसार 15 अगस्त 2025 को लॉन्च किए गए फास्टैग वार्षिक पास को देशभर में काफी अच्छी प्रतिक्रिया मिली है। वर्तमान में 56 लाख से अधिक उपयोगकर्ता इस सुविधा का लाभ उठा रहे हैं।

