फिर दिल्ली पहुंचे CM धामी, कांवड़ यात्रा पर केंद्र से कर सकते हैं दखल का आग्रह

देहरादून : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार रात्रि दिल्ली पहुंच गए। वह वहां केंद्रीय मंत्रियों के अलावा पार्टी पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान अन्य राज्यों में भी कांवड़ यात्रा स्थगित करने के बारे में केंद्र से हस्तक्षेप का आग्रह कर सकते हैं।

सूत्रों के अनुसार केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात से पहले मुख्यमंत्री राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारियों से भी भेंट करेंगे। वह इस दौरान विभिन्न प्राधिकरणों, निगमों में दायित्व वितरण, आगामी विधानसभा चुनाव समेत अन्य मसलों पर चर्चा कर सकते हैं। धामी का हफ्तेभर के भीतर यह दूसरा दिल्ली दौरा है। वह बुधवार रात्रि लगभग 10 बजे दिल्ली पहुंचे।

मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार मुख्यमंत्री का गुरुवार को रेल मंत्री, उपभोक्ता मामलों के मंत्री समेत अन्य केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात का कार्यक्रम है। वह उपराष्ट्रपति से भी शिष्टाचार भेंट कर सकते हैं।

माना जा रहा कि कोरोना संक्रमण के कारण राज्य में स्थगित की गई कांवड़ यात्रा के फैसले के बारे में मुख्यमंत्री केंद्र को अवगत कराएंगे।

साथ ही यह भी आग्रह कर सकते हैं कि केंद्र हस्तक्षेप कर अन्य राज्यों को भी ऐसा करने को कहे। राज्य के विकास से जुड़े विभिन्न मसलों पर भी वह केंद्रीय मंत्रियों से विचार-विमर्श करेंेगे।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter