पेरिस : फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस सरकोजी को 2012 के चुनाव में प्रचार पर तय सीमा से ज्यादा खर्च करने के लिए दोषी ठहराया गया है। गुरुवार को कोर्ट ने उन्हें एक वर्ष तक नजरबंद रहने की सजा सुनाई है। वर्ष 2007 से 2012 तक फ्रांस के राष्ट्रपति रहे सरकोजी ने गत मई और जून में सुनवाई के दौरान पुरजोर तरीके से आरोपों से इन्कार किया था।
वह इस फैसले के खिलाफ अपील कर सकते हैं, जिससे सजा निलंबित हो जाएगी। सजा सुनाए जाते समय सरकोजी पेरिस कोर्ट में मौजूद नहीं थे। 2012 में दूसरी बार प्रत्याशी बने पूर्व राष्ट्रपति पर कानून में निर्धारित सीमा से करीब दोगुनी राशि प्रचार में खर्च करने का आरोप लगाया गया था।
इस चुनाव में उन्हें सोशलिस्ट प्रत्याशी फ्रांस्वा ओलांद के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। अदालत ने कहा कि सरकोजी जानते थे कि निर्धारित खर्च सीमा पार होने वाली है। वह अतिरिक्त खर्चों को नियंत्रित करने में विफल रहे। अभियोजन पक्ष ने छह माह जेल की सजा और 3750 यूरो (तीन लाख 22 हजार रुपये से अधिक) का जुर्माना लगाने की मांग की थी।


