बंगाल में BJP कार्यकर्ता की पत्नी से घर में घुसकर गैंगरेप, TMC पर लगे गंभीर आरोप

कोलकाता : बंगाल में विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद से जारी हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। अब भाजपा कार्यकर्ता की पत्नी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। यह वारदात हावड़ा के बागनान थाना क्षेत्र में शनिवार रात की है। इसका आरोप सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के पांच स्थानीय नेताओं व कार्यकर्ताओं पर लगा है।

आरोप है कि 34 वर्षीय महिला को बांधकर सामूहिक दुष्कर्म किया गया। शिकायत के बाद पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि बाकी तीन फरार बताए जा रहे हैं। गिरफ्तार आरोपितों के नाम कुतुबुद्दीन मलिक व देवाशीष राणा हैं।

सोमवार को दोनों को उलबेरिया अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें छह दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। जानकारी के अनुसार शनिवार रात पीड़िता घर में अकेली थी। पति काम के सिलसिले में कोलकाता में थे।

आरोप है कि रात करीब साढ़े बारह बजे पांच लोग भाजपा कार्यकर्ता के घर पहुंचे और दरवाजा खटखटाया। पत्नी ने दरवाजा खोल दिया। दरवाजा खुलते ही सभी घर के अंदर घुसे और सामूहिक दुष्कर्म किया। इस दौरान पीड़िता अचेत हो गई। रविवार सुबह घर पहुंचने के बाद भाजपा कार्यकर्ता को वारदात की जानकारी मिली।

इसके बाद पीड़िता को अस्पताल में दाखिल कराया गया। पीड़िता के पति ने कहा कि विधानसभा चुनाव में उनके बूथ से भाजपा को बढ़त मिली थी। यही कारण है कि तृणमूल नेताओं ने वारदात को अंजाम दिया। इस वारदात को लेकर पूरे इलाके में तनाव है।

भाजपा ने इस घटना की निंदा करते हुए तृणमूल को घेरा है। साथ ही पुलिस पर शुरू में शिकायत दर्ज करने में आनाकानी का भी आरोप लगा है। हालांकि, तृणमूल ने इस वारदात में अपने कार्यकर्ताओं के शामिल होने से इन्कार किया है।

अमित मालवीय ने टीएमसी पर लगाए गंभीर आरोप भाजपा के आइटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने इस वारदात को लेकर टीएमसी पर गंभीर आरोप लगाते हुए बंगाल में कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। मालवीय ने ट्वीट कर कहा कि विरोधियों को चुप कराने के लिए टीएमसी दुष्कर्म को राजनीतिक हथियार के तौर पर इस्तेमाल कर रही है। 

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter