बढ़ेगी ताकत: आकाश मिसाइल के प्राइम संस्करण का सफल परीक्षण, हवाई लक्ष्यों पर लगाया सटीक निशाना

बालेश्वर : भारत ने सोमवार को ओडिशा के चांदीपुर में आकाश प्राइम मिसाइल का सफल परीक्षण किया। मिसाइल में नए फीचर्स जोड़ने के बाद पहली बार इसका परीक्षण किया गया है। परीक्षण के दौरान मिसाइल ने लक्ष्य किए गए एयरक्राफ्ट को टारगेट कर उसे मार गिराया।

रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ) ने आकाश मिसाइल के नए संस्करण के रूप में आकाश प्राइम मिसाइल को तैयार किया है। यह कई अत्याधुनिक तकनीक से लैस है। बता दें कि यह मिसाइल स्वदेशी तकनीक से तैयार की गई है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मिसाइल के सफल परीक्षण पर डीआरडीओ के विज्ञानियों को बधाई दी है।

इससे पहले 21 जुलाई को डीआरडीओ ने ओडिशा के परीक्षण रेंज चांदीपुर से जमीन से हवा में मार करने वाली मिसाइल प्रणाली आकाश के नए संस्करण का सफलतापूर्वक परीक्षण किया था। सफलतापूर्वक टारगेट को ध्वंस करने के साथ ही भारतीय वायुसेना की लड़ाकू क्षमता बढ़ाने में यह मिसाइल महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

सभी प्रकार की हथियार प्रणाली से लैस इस मिसाइल का परीक्षण जमीन आधारित लंच पैड से किया गया। परीक्षण के दौरान मिसाइल की सभी हथियार प्रणाली सफलता पूर्वक सक्रिय रहीं। आाकाश मिसाइल का नया संस्करण अपने पुराने संस्करण के मुकाबले बेहतर है और 25 किलोमीटर की दूरी पर किसी भी टार्गेट पर निशाना साधने में सक्षम है।

मिसाइल के निर्यात को मिल चुकी है अनुमति : पिछले साल दिसंबर में सरकार ने आकाश मिसाइलों के निर्यात की अनुमति दे दी थी और विभिन्न देशों को इसकी बिक्री के लिए उच्चस्तरीय समिति का गठन किया गया था। इस समिति में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह विदेश मंत्री एस जयशंकर और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल शामिल हैं। 

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter