बालक का अपहरण करने के मामले में फरार 10 हजार का इनामी आरोपित गिरफ्तार, बाइक पर जबरन बैठाकर कर ले गए थे अगुवा

Datia News : दतिया। पंडोखर थाना क्षेत्र के ग्राम गुदाहा से 12 वर्षीय बालक का अपहरण कर ले जाने के मामले में आरोपित रवि उर्फ सुल्लू शर्मा पुत्र चंद्रप्रकाश शर्मा निवासी ईटोंदा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इस मामले के चार आरोपित महेश पाल, करु पाल, लालू पाल एवं सरनाम पाल को पुलिस पूर्व में गिरफ्तार कर चुकी है।

इस संबंध में थाना प्रभारी विजय सिंह लोधी ने जानकारी देते हुए बताया कि गत 29 जून को बालक इंदल उर्फ कुंवरभाई शाक्य पुत्र करन शाक्य काे उक्त बदमाश बाइक पर जबरन बैठाकर अगुवा कर ले गए थे।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमनसिंह राठौड द्वारा अपहरणकर्ताओं की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का ईनाम घोषित किया गया था। इस मामले में फरार आरोपित रवि उर्फ सुल्लू शर्मा पुत्र की तलाश की जा रही थी।

8 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली कि उक्त बदमाश जौरी तिराहे पर अवैध हथियार लिए खड़ा है। थाना प्रभारी पंडोखर विजय सिंह लोधी ने उनि. अवतार सिंह, सउनि रामजुहार कुशवाह, प्रधान आरक्षक स्वामीप्रसाद, आरक्षक हरिमोहन कुशवाह, आरक्षक महेश कौरव, आरक्षक रविकांत, आरक्षक शैलेंद्र के साथ जौरी तिराहे पर पहुंचकर घेराबंदी की।

पुलिस टीम को देख आरोपित ने भागने का प्रयास किया, लेकिन उसे पकड़ लिया गया। आरोपित के कब्जे से एक 315 बोर का लोडेड कट्टा जप्त किया गया।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter