बीजेपी ने कहा, सस्ती लोकप्रियता के लिए हथकंडे अपना रहे हैं राहुल गांधी

नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर सस्ती लोकप्रियता के लिए ‘हथकंडे’ अपनाने का आरोप लगाया और कहा कि विपक्ष ने संसद की कार्यवाही को बंधक बनाने और सरकार को बदनाम करने के लिए ‘हंगामा करने और भाग निकलने’ की रणनीति अपनाई है।

केंद्रीय मंत्री व राज्यसभा में उपनेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि विपक्षी सदस्य खुद को भाजपा विरोधी समूह के नेता के रूप में पेश करने की होड़ में हैं। इसके लिए सदन की कार्यवाही में बाधा डालने के लिए एक दूसरे से प्रतिद्वंद्विता कर रहे हैं। मोदी का विरोध करते-करते विपक्ष देश विरोध पर उतर आया है।

ज्ञात हो कि पेगासस जासूसी मामले और तीन केंद्रीय कृषि कानूनों सहित विभिन्न मुद्दों पर संसद के दोनों सदनों में लगातार हंगामा कर रहे हैं और इस वजह से कार्यवाही बाधित हो रही है। संसद में विपक्षी दलों की रणनीति को धार देने के लिए राहुल गांधी ने मंगलवार को समान विचारधारा वाले दलों के नेताओं के साथ नाश्ते पर चर्चा की और मंहगाई के विरोध में संसद तक साइकिल मार्च निकाला।

राज्यसभा सदस्य व भाजपा के मीडिया विभाग के प्रभारी अनिल बलूनी ने कहा कि राहुल गांधी कभी ट्रैक्टर चलाकर तो कभी साइकिल से संसद पहुंचकर सस्ती लोकप्रियता के लिए हथकंडे अपना रहे हैं।

उन्होंने कहा कि उनके पास कोई वास्तविक मुद्दा नहीं है। खबरों में बने रहने के लिए इस प्रकार की बातें करते रहते हैं। पहली बार ऐसा हो रहा है कि सरकार चर्चा कराना चाहती है और विपक्ष इससे भाग रहा है।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter