बीजेपी सरकार से डरे आतंकी, मोदी के पीएम बनने के बाद से भारत में कोई बड़ा आतंकी हमला नहीं : राजनाथ

केवड़िया : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को कहा कि 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सत्ता संभालने के बाद से देश में एक भी बड़ा आतंकी हमला नहीं हुआ है।नर्मदा जिले के केवड़िया में पार्टी की तीन दिवसीय राज्य कार्यकारिणी की बैठक के दूसरे दिन गुजरात भाजपा के नेताओं को संबोधित करते हुए, सिंह ने कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि यह पार्टी सेना के जवानों के प्रति संवेदनशील नहीं है क्योंकि उसने वन रैंक-वन पेंशन (ओआरओपी) का मुद्दा 40 साल से ज्यादा समय तक अनसुलझा रखा।

उन्होंने कहा कि चाहे जो हो, हम आतंकवादियों को सफल नहीं होने देंगे। जम्मू-कश्मीर तो छोड़िए मोदी के आने के बाद देश के किसी भी हिस्से में कोई बड़ा आतंकवादी हमला नहीं हुआ। यह हमारी बड़ी उपलब्धि है। ऐसा लगता है कि आतंकवादी भाजपा सरकार से भयभीत हैं। यह कोई छोटी बात नहीं है।

आतंकवादियों को अब एहसास हो चुका है कि वे अपनी सुरक्षित पनाहगाहों में भी सुरक्षित नहीं हैं। उरी हमले के बाद हमने जो (पीओके में सर्जिकल स्ट्राइक) किया, उसने दुनिया को स्पष्ट संदेश दिया कि हम अपनी तरफ के साथ-साथ जरूरत पड़ने पर सीमा पार करके भी आतंकवादियों को मार सकते हैं।

उन्होंने कहा कि अगर पिछली कांग्रेस सरकारें सेना के जवानों के प्रति संवेदनशील होतीं, तो ओआरओपी का मुद्दा जाने कब हल हो जाता। लेकिन कांग्रेस ने ऐसा नहीं किया। लेकिन मोदी ने इसे तुरंत लागू कर दिया। यह कांग्रेस सरकार और भाजपा सरकार के बीच अंतर को दर्शाता है।

कांग्रेस और उसके नेताओं पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने केवल महात्मा गांधी के नाम का इस्तेमाल किया लेकिन उनके नक्शेकदम पर चलने में विफल रहे। अयोध्या में राम मंदिर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे मुद्दे केवल नारे नहीं बल्कि भाजपा की प्रतिबद्धता हैं।

इसके लिए पार्टी ने बाबरी मस्जिद का ढांचा गिराए जाने के बाद अपनी कई राज्य सरकारों का बलिदान दिया था। राम मंदिर हमारी सांस्कृतिक प्रतिबद्धता है। अब, कोई भी ताकत भव्य राम मंदिर के निर्माण को नहीं रोक सकती है। उनके संबोधन के बाद, रक्षा मंत्रालय और गुजरात सरकार ने आगामी डिफेंस एक्सपो-2022 के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।

सिंह और गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की उपस्थिति में इस पर हस्ताक्षर किए गए। रूपाणी ने घोषणा की कि डिफेंस एक्सपो-2022 का अगले साल गांधीनगर में 10 से 13 मार्च के बीच आयोजन होगा। गुजरात भाजपा की राज्य कार्यकारिणी की बैठक बुधवार को केवड़िया में शुरू हुई, जिसकी अध्यक्षता पार्टी की राज्य इकाई के प्रमुख सीआर पाटिल ने की।

बैठक में शामिल होने वाले प्रमुख लोगों में सीएम विजय रूपाणी, डिप्टी सीएम नितिन पटेल और गुजरात भाजपा के प्रभारी भूपेंद्र यादव शामिल रहे। पार्टी की ओर से बताया गया कि यह पहली बार है जब गुजरात भाजपा ने पेपरलेस (कागज रहित) राज्य कार्यकारिणी बैठक का आयोजन किया। जिसमें आमंत्रित लोगों को सभी आवश्यक जानकारी और कार्यक्रम से संबंधित लिंक के साथ टैबलेट दिए गए।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter