बेंगलुरु में फर्जी कोविड सर्टिफिकेट रैकेट का भंडाफोड़, 2 डॉक्टर गिरफ्तार

बेंगलुरु : बेंगलुरु पुलिस ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) के लिए काम करने वाले दो डाक्टरों समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इन लोगों पर जाली कोविड सर्टिफिकेट जारी करने वाला रैकेट चलाने और शहर में रेमडेसिविर इंजेक्शन की कालाबाजारी करने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, दो आरोपितों की पहचान बी. शेखर और प्रज्वल के रूप में की गई है। ये दोनों शहर के कामराजपेट में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में क्रमश: चिकित्सा अधिकारी और डाक्टर हैं। दो अन्य आरोपित किशोर जी. और मोहन वाई. निजी अस्पताल के कर्मचारी हैं। पुलिस ने कहा है कि हलासुरु गेट पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया और दोनों डाक्टरों को दबोचने के लिए जाल बिछाया। पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल डिवीजन) एमएन अनुचेत ने कहा ‘हमने एक टीम बनाई और इस रैकेट को दबोचने के लिए स्टिंग आपरेशन चलाया।’

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter