मुजफ्फरनगर : उप्र के मुजफ्फनगर के फुगाना थाना क्षेत्र के एक गांव में चार युवकों ने छोटे भाई पर तमंचा तान कर उसकी नाबालिग बहन से सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस ने चार युवकों पर मुकदमा दर्ज कर तीन को गिरफ्तार कर लिया।
फुगाना थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी पीड़ित ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि वह पत्नी के साथ रिश्तेदारी में गया था। घर पर उनकी 15 वर्षीय पुत्री व 12 वर्षीय पुत्र ही थे। बीती रात दोनों बच्चे घर में सो रहे थे। तभी गांव का एक युवक छत के रास्ते घर में कूद गया।
उसने दोनों को तमंचे से आतंकित कर बाहर का दरवाजा खुलवा लिया। इसके बाद गांव के तीन अन्य युवक भी घर में घुस आए। आरोप है कि उन्होंने बेटे पर तमंचा तान कर जान से मारने की धमकी दी और बेटी से सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपितों ने मोबाइल से अश्लील वीडियो भी बनाया। किसी को बताने पर वीडियो वायरल करने की धमकी देकर चारों भाग गए।
घर पहुंचने पर बच्चों ने घटना की जानकारी दी। इंस्पेक्टर यशवीर सिंह ने बताया कि चारों आरोपितों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरिफ, साहिब व मारूफ को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। चौथे की तलाश में दबिश दी जा रही है। किशोरी को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजा है।
किशोरी को अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म, हंगामा
मुजफ्फरनगर के खतौली थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी को अगवा कर दौराला क्षेत्र में बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म किया गया। आरोपित पीड़िता को खतौली में नेशनल हाईवे बाईपास पर फेंककर भाग गए।
मामला दो संप्रदाय का होने के कारण तनाव की स्थिति हो गई।। विरोध में हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने थाने पहुंचकर हंगामा किया। पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया।
एक गांव निवासी किशोरी शुक्रवार सुबह घर से लापता हो गई थी। स्वजन को जानकारी मिली थी कि मेरठ जिले के सरधना थाना क्षेत्र के मीठेपुर गांव निवासी फरमान और वसीम अपने साथी के संग उसे बाइक पर अगवा कर ले गए हैं।
स्वजन ने पुलिस को जानकारी दी। शुक्रवार देर शाम किशोरी खतौली नेशनल हाईवे स्थित तिगाई बाईपास पर बदहवास हालत में मिली। किशोरी ने स्वजन को बताया कि आरोपित फरमान, वसीम व उनका साथी अगवा कर उसे दौराला क्षेत्र में अज्ञात स्थान पर ले गए थे, जहां बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर पर आरोपितों पर अपहरण, दुष्कर्म व पाक्सो आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने वसीम, फरमान को गिरफ्तार कर लिया। खतौली थाने के इंस्पेक्टर यशपाल सिंह ने कहा कि दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उनके तीसरे साथी का पता किया जा रहा है।