बैठक में बोले जेपी नड्डा- छोटे दिल वाले नहीं संभाल सकते इतना बड़ा उत्तर प्रदेश

लखनऊ : ‘भाजपा के सत्ता में आने से क्या सकारात्मक फर्क पड़ा.?’ इसे तथ्यात्मक रूप से कार्यकर्ताओं को समझाते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने जनता को भी यह अहसास दिलाने का ‘गुरुमंत्र’ दिया है।

पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का दिल्ली से ही वर्चुअल उद्घाटन करते हुए उन्होंने मिशन-2022 के लिए पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का तरकश तथ्यों से सजाया। कोरोना से जंग में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की उपलब्धियां गिनाते हुए कांग्रेस शासनकाल की खामियां भी गिनाई।

वहीं, बिना किसी का नाम लिए भाजपा की वैक्सीन वाले बयान पर सपा मुखिया अखिलेश यादव पर तंज कसा कि इतने छोटे दिल वाले इतना बड़ा उत्तर प्रदेश कैसे संभाल सकते हैं। दिल्ली के मंच पर केंद्रीय मंत्री डा.महेंद्र नाथ पांडेय व स्मृति ईरानी तथा राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह थे।

वहीं, प्रदेश मुख्यालय के मंच पर उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह, प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह तथा उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व डा.दिनेश शर्मा थे।

भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने शुक्रवार को आयोजित प्रदेश कार्यसमिति में प्रदेश के सांस्कृतिक-राजनीतिकमहत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि नुकसान का न पता हो तो फायदे का अहसास भी नहीं होता।

कार्यकर्ताओं को यह समझना और जनता को समझाना होगा कि कैसे यूपी तुष्टीकरण की राजनीति के जाल में फंसा था। सत्ता का दुरुपयोग कर किसी एक समाज को फायदा पहुंचाया जाता था।

प्रदेश भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और अनाचार का अड्डा बन गया था, लेकिन अब वही प्रदेश बीते चार वर्षों में अग्रणी राज्यों में से एक हो गया। जिला पंचायत और ब्लाक प्रमुख चुनाव में शानदार जीत के लिए कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए नड्डा ने कहा कि सपा-बसपा को सिरे से नकारकर जनता ने हमें काम करने का संदेश दिया है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने समृद्ध और विकसित देशों की तुलना भारत से करते हुए कार्यकर्ताओं को समझाया कि देश की आबादी 130 करोड़ होने के बावजूद मोदी सरकार ने कैसे कोविड प्रबंधन किया। संसाधनों को सीमित समय में कई गुना बढ़ाकर कोरोना को काबू किया।

आक्सीजन की जरूरत से ज्यादा मांग और ओछी राजनीति का जिक्र कर बिना नाम लिए आम आदमी पार्टी को भी उन्होंने आड़े हाथों लिया। नड्डा ने याद दिलाया कि कैसे प्रधानमंत्री ने एक दिन पहले गुरुवार को काशी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के काम की तारीफ की।

यहां लग रहे आक्सीजन प्लांट का जिक्र करते हुए उन्होंने जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से अपेक्षा जताई कि अस्पतालों में जाएं और प्लांट लगवाने की प्रक्रिया से जुड़ें। फिर मोदी सरकार के कोविड प्रबंधन पर सवाल उठाने वाली कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए बोले कि टीबी की दवा जब दुनिया में पहुंच गई, उसके बाद भारत में आई।

चिकनपाक्स, स्मालपाक्स यहां सबसे बाद में खत्म हो पाया। इसी तरह दुनिया से जब पोलियो खत्म हो गया, तब हमारे देश में अभियान शुरू हुआ। यह है कांग्रेस के शासनकाल की सच्चाई, जबकि मोदी ने मात्र नौ माह में दो-दो वैक्सीन देश को दे दीं।

बिना सपा या अखिलेश यादव का नाम लिए इशारों में बोले कि यूपी के नेता ने तो वैक्सीन को भाजपा का बता दिया था। बाद में उनके पिताजी ने भी वैक्सीन लगवाई। इस तरह के बयानों से उन्होंने अपना स्तर बता दिया। जिसकी सोच और दिल इतना छोटा हो, वह इतना बड़ा उत्तर प्रदेश कैसे संभाल सकता है।

अब न यूपी बीमारू राज्य, न चार वर्ष में कोई दंगा नड्डा ने योगी की जमकर तारीफ की। कहा कि उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्य कहा जाता था। बीते चार वर्ष में योगी के नेतृत्व में यूपी ईज आफ डूइंग बिजनेस में दूसरे स्थान पर आ गया।

मुजफ्फरनगर सहित कई दंगे जनता को याद होंगे, लेकिन चार वर्ष में यहां कोई दंगा भी नहीं हुआ। यहां चार एक्सप्रेसवे बन रहे हैं, एयर कनेक्टिविटी मजबूत हो रही है। यूपी निवेश का केंद्र बन रहा है।

देश विरोधी विपक्ष का चेहरा बेनकाब करना होगा : योगी समापन सत्र में उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि हमें देश विरोधी विपक्ष का चेहरा बेनकाब करना होगा। आतंकवादियों के शुभचिंतक विपक्ष की नकारात्मकता से लोगों को बचाना होगा।

योगी ने आगरा की घटना के साथ ही जबरन मतांतरण के खिलाफ बनाए गए कानून, लखनऊ में आतंकी पकड़े जाने पर विपक्षी दलों के बयान, माफिया पर कार्रवाई आदि मुद्दों के सहारे विरोधी दलों को निशाने पर लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इनके द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम को दूर करना होगा। लोगों को विपक्ष की नकरात्मकता से बचाना होगा। 

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter