नई दिल्ली : स्वदेशी कोरोना रोधी टीका कोवैक्सीन विकसित करने वाली दवा कंपनी भारत बायोटेक के प्रबंधन निदेशक और चेयरमैन कृष्णा इल्ला ने रविवार को कहा कि टीकाकरण के मामले में दुनिया के किसी भी देश की तुलना में भारत का प्रदर्शन बेहतर है।
भारत में टीकाकरण के कार्य की विशालता का उल्लेख करते हुए इल्ला ने कहा, ‘जब आपको निश्चित समय में 1.3 अरब लोगों को टीका लगाना हो तो यह चुनौतीपूर्ण है।’ उन्होंने कहा कि अमेरिका के पास भारत से ज्यादा वैक्सीन है, लेकिन वहां 16 करोड़ लोगों को ही टीका लगा है। हमें यह कहते हुए गर्व हो रहा है कि भारत में हमने बहुत बढ़िया काम किया है।
उन्होंने कहा कि हमने सामर्थ्य और लोगों तक पहुंच के मामले में दुनिया के किसी भी देश की तुलना में बेहतर काम किया है। इल्ला ने कहा कि भारत बायोटेक ने कोवैक्सीन के अलावा कोरोना रोधी नेजल वैक्सीन भी विकसित किया है। उन्होंने कहा कि कोवैक्सीन के मिश्रण पर भी काम हो रहा है। कोवैक्सीन की बूस्टर डोज पर भी काम हो रहा है।


