नैरोबी : भारत की चार गुणा 400 मीटर मिक्स्ड रिले टीम ने बुधवार को यहां अंडर-20 विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता। यह अंडर-20 विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के इतिहास में भारत का पांचवां पदक है।
भारतीय टीम में भरत एस, प्रिया मोहन, सम्मी और कपिल शामिल थे। भारतीय टीम चैंपियनशिप के फाइनल में 3:23.60 सेकेंड के समय से तीसरे स्थान पर रही। नाइजीरिया ने 3:19.70 सेकेंड के समय से स्वर्ण और पोलैंड ने 3:19.80 सेकेंड के समय से रजत पदक जीता।
भारत ने सुबह चैंपियनशिप की हीट में 3:23.36 सेकेंड के रिकार्ड समय से ओवरआल दूसरी सर्वश्रेष्ठ टीम के तौर पर फाइनल में प्रवेश किया था। यह रिकार्ड हालांकि ज्यादा देर भारत के नाम नहीं रहा और नाइजीरिया ने दूसरी हीट में 3:21.66 के समय के साथ इसे तोड़ दिया।
इस तरह चार गुणा 400 मीटर मिक्स्ड रिले टीम के कांस्य से पहले अंडर-20 विश्व चैंपियनशिप में भारत के लिए सीमा अंतिल (चक्का फेंक में कांस्य, 2002), नवजीत कौर ढिल्लो (चक्का फेंक में कांस्य, 2014), ओलिंपिक चैंपियन नीरज चोपड़ा (भाला फेंक में स्वर्ण, 2016), हीमा दास (400 मीटर में स्वर्ण, 2018) ने पदक जीते हैं।