भारत हमेशा संयम की आवाज, संवाद का हिमायती बना रहेगा : विदेश मंत्री जयशंकर

नई दिल्ली : अगस्त के लिए भारत के संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) की अध्यक्षता संभालने के बीच विदेश मंत्री एस जयशंकर ने रविवार को कहा कि देश हमेशा संयम की आवाज, बातचीत का हिमायती और अंतरराष्ट्रीय कानून का समर्थक बना रहेगा।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने इसे महत्वपूर्ण दिन बताया और दुनिया को लेकर भारत के दृष्टिकोण का वर्णन करने के लिए वसुधैव कुटुंबकम का उल्लेख किया। जयशंकर ने ट्वीट किया, अगस्त के लिए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की अध्यक्षता संभालने के साथ हम अन्य सदस्य देशों के साथ सार्थक रूप से काम करने के प्रति उत्सुक हैं।

भारत हमेशा संयम की आवाज, संवाद का हिमायती और अंतरराष्ट्रीय कानून का समर्थक रहेगा। भारत की अध्यक्षता का पहला कामकाजी दिन दो अगस्त होगा। भारत ने एक जनवरी को यूएनएससी के गैर स्थायी सदस्य के तौर पद दो साल का कार्यकाल शुरू किया था।

अस्थायी सदस्य के तौर पर सुरक्षा परिषद में भारत का यह सातवां कार्यकाल है। वैश्विक निकाय के लिए अपने चुनाव के बाद भारत ने कहा कि वह अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा के लिए जिम्मेदार और समावेशी समाधानों को बढ़ावा देगा। 

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter