भोपाल को खेलों की राजधानी बनाने का लक्ष्य : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा- हर विधानसभा क्षेत्र में बनेगा स्टेडियम, खेल प्रतिभाओं को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

भोपाल | बड़ी झील में आयोजित तीसरी राजा भोज मल्टीक्लास नेशनल सेलिंग चैंपियनशिप का रविवार को समापन हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विजेता और उपविजेता टीमों को सम्मानित किया। राष्ट्रीय रैंकिंग की इस प्रतियोगिता में भोपाल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया, जबकि गोवा की टीम उपविजेता और सिकंदराबाद की टीम तीसरे स्थान पर रही।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में खेल गतिविधियों को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य भोपाल को देश में खेलों की प्रमुख राजधानी के रूप में विकसित करना है। उन्होंने बताया कि भोपाल में 18 प्रमुख खेलों में से 11 की अकादमियां संचालित हो रही हैं और अब शहर को राष्ट्रीय स्तर के साथ अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के लिए भी तैयार किया जा रहा है।

हर विधानसभा क्षेत्र में स्टेडियम की तैयारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में एक-एक स्टेडियम विकसित करने की दिशा में सरकार काम कर रही है। इसके जरिए स्थानीय खिलाड़ियों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर प्रशिक्षण और खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि खेलों में मध्यप्रदेश का प्रदर्शन पहले की तुलना में काफी बेहतर हुआ है। प्रदेश कभी राष्ट्रीय स्तर पर 17वें स्थान पर था, लेकिन अब प्रदर्शन में सुधार के साथ तीसरे स्थान तक पहुंच गया है। सरकार खिलाड़ियों के साथ प्रशिक्षकों के विकास और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने पर भी ध्यान दे रही है।

भोपाल की झीलों ने दिखाया खिलाड़ियों का हुनर
राजा भोज मल्टीक्लास नेशनल सेलिंग चैंपियनशिप में देश के 12 सेलिंग क्लबों के 87 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। 11 से 16 अगस्त तक चली प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने भोपाल की अपर लेक में अपनी प्रतिभा, संतुलन और तकनीकी कौशल का प्रदर्शन किया।

नेशनल सेलिंग स्कूल भोपाल की टीम ने 20 पदकों के साथ पहला स्थान हासिल किया। नेवी यूथ स्पोर्ट्स कंपनी गोवा दूसरे और सिकंदराबाद सेलिंग क्लब तीसरे स्थान पर रहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भोपाल की झीलें सेलिंग, रोइंग, कयाकिंग और केनोइंग जैसे वाटर स्पोर्ट्स के लिए अनुकूल हैं। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन से भोपाल की पहचान देश के प्रमुख जल क्रीड़ा केंद्र के रूप में मजबूत हो रही है।

विजेता खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों का सम्मान
समापन समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने भोपाल की विजेता टीम के खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को सम्मानित किया। विजेता टीम में वासु चन्द्रवंशी, माही वर्मा, तुलसी पटले, एकलव्य बाथम, वंशिका सिकरवार, इयान पाटीदार, प्रार्थना भोई, अंकित सिसौदिया, समर पंचेश्वर और सिद्धि टंडन सहित अन्य खिलाड़ी शामिल रहे।

टीम के प्रशिक्षकों जीएल यादव, राम मिलन, नरेन्द्र एस. राजपूत और अनिल शर्मा को भी सम्मानित किया गया।
कॉमनवेल्थ और हॉकी खिलाड़ियों को भी मिला सम्मान
कार्यक्रम के दौरान कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में हिस्सा लेने वाले मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। इनमें जूडो में रजत पदक जीतने वाली यामिनी मौर्य सहित एथलेटिक्स के खिलाड़ियों को सम्मान मिला।

इसके अलावा सीनियर कॉमनवेल्थ फेंसिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण और रजत पदक हासिल करने वाली खुशी दाभाड़े तथा सोलहवीं हॉकी इंडिया जूनियर चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने वाली मध्यप्रदेश की हॉकी टीम के खिलाड़ियों का भी सम्मान किया गया।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!