मुंबई। महाराष्ट्र में दिनों दिन कोरोेना से बिगड़ते हालात को देखते हुए सरकार ने वहां टोटल लॉकडाउन लगाने का फैसला कर लिया है। इस बारे में राज्य के मुख्यमंत्री घोषणा करेंगे। महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमित की बढ़ रही संख्या के कारण स्वास्थ्य सेवाएं लड़खड़ाने लगी है। राज्य में ऑक्सीजन की कमी के चलते सरकार को कोरोना चेन तोड़ने की चिंता है। इसको लेकर गाइड लाइन भी बनाई गई है। जिसमें लाॅकडाउन में क्या सुविधाएं बहाल रहेंगी, इसका उल्लेख होगा।
महाराष्ट्र में संपूर्ण लॉकडाउन लगने जा रहा है। उद्धव सरकार के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने बताया है कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे इसका ऐलान करेंगे। महाराष्ट्र कैबिनेट ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से इसकी सिफारिश की है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहाकि हमने मुख्यमंत्री से कल रात 8 बजे से संपूर्ण लॉकडाउन लगाने की अपील की है। सभी मंत्रियों ने मुख्यमंत्री से यह गुजारिश की है। अब मुख्यमंत्री को फैसला लेना है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि इस बारे में सीएम संपूर्ण लॉकडाउन की घोषणा करेंगे।
वहीं मंत्री असलम शेख ने कहाकि मेडिकल ऑक्सीजन की कमी की वजह से यह फैसला लिया गया है। इसके लिए जल्द ही गाइडलाइंस जारी की जाएगी। मंत्री असलम शेख ने मंगलवार को पत्रकारों से कहाकि मेडिकल ऑक्सजीन की कमी की वजह से महाराष्ट्र संपूर्ण लॉकडाउन की ओर बढ़ रहा है। इसको लेकर गाइडलाइंस की घोषणा जल्द ही की जाएगी।
महाराष्ट्र में 1 मई तक धारा 144 लागू है और ब्रेक द चेन मुहिम के तहत सभी गैर जरूरी गतिविधियों और सेवाओं पर रोक है। महाराष्ट्र सरकार ने कोविड गाइडलाइंस में बदलाव करते हुए कहा है कि राज्य में अब किराना और खाने-पीने की वस्तुओं की दुकानें भी केवल 4 घंटे के लिए खुलेंगी। पहले नाइट कर्फ्यू, फिर वीकेंड लॉकडाउन और अब मिनी लॉकडाउन के बावजूद महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण पर लगाम नहीं लग पा रही है।
1 मई से 18 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोगों के टीकाकरण के फैसले को लेकर राजेश टोपे ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार को केंद्र से कोई चिट्ठी नहीं मिली है। उन्होंने कहाकि 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के टीकाकरण को लेकर हमें केंद्र से लेटर नहीं मिला है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि टीकाकरण अभियान पूरी तेजी से चलेगा और जरुरत पड़ी तो हम विदेशों से सीधी खरीद के लिए केंद्र से अनुमति लेंगे।


