मानसून: भारी बारिश के कारण राज कपूर और दिलीप कुमार के पुश्तैनी घर क्षतिग्रस्त, पहले से जर्जर थी हालत

पेशावर : पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा स्थित पेशावर के पुरातत्व विभाग ने कहा है कि पेशावर के किस्सा ख्वानी बाजार में मानसूनी बारिश के चलते विभिन्न इलाकों में पुरातात्विक इमारतें ध्वस्त हो गई हैं।

इनमें इमारतों में हिंदी फिल्मों के प्रख्यात अभिनेता राज कपूर और दिलीप कुमार के पुश्तैनी मकान भी क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। यह पुश्तैनी हवेलियां पहले से ही जर्जर थीं और पाकिस्तान सरकार ने इन्हें राष्ट्रीय धरोहर घोषित किया था।

साथ ही इन दोनों भारतीय अभिनेताओं के सम्मान में इन दोनों पुरातन हवेलियों को म्यूजियम में बदले जाने की सभी औपचारिकताएं पूरी की जा चुकी थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि अनवरत बारिश और जलभराव के बीच दिलीप कुमार और राज कपूर की पुश्तैनी हवेलियों के कुछ हिस्सों को क्षति पहुंची है।

खैबर पख्तूनख्वा के पुरातत्व विभाग को इन हवेलियों में मरम्मत का काम अभी शुरू करना है। ध्यान रहे कि राज कपूर का देहावसान 1988 में हुआ था जब वह 63 वर्ष के थे।

जबकि दिलीप कुमार (यूसुफ खान) का निधन लंबी बीमारी के बाद कुछ ही दिन पहले 98 वर्ष की आयु में हुआ था। बताया जाता है कि मूसलधार बारिश से इस्लामाबाद समेत पाकिस्तान के कई इलाकों में बाढ़ और भूस्खलन की घटनाएं हुई हैं। 

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter