मालवाहक जहाज में आग, श्रीलंकाई नौसेना ने चालक दल के 25 सदस्यों को बचाया

कोलंबो : श्रीलंकाई नौसेना ने पिछले सप्ताह कोलंबो तट के पास एक कंटेनर जहाज में आग लगने के बाद दो भारतीय समेत चालक दल के सभी 25 सदस्यों को बचा लिया। दोनों भारतीय गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उन्हें कोलंबो नेशनल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल दोनों की पहचान नहीं हो पाई है। भारत ने श्रीलंकाई नौसेना को आग बुझाने में मदद के लिए दो तटरक्षक पोत और एक विमान भेज दिया है। चालक दल में फिलीपींस, चीन, भारत और रूस के नागरिक थे। अधिकृत सूत्रों ने बताया कि चालक दल में करीब पांच भारतीय शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि गुजरात के हजीरा से सौंदर्य प्रसाधनों के लिए रसायन और अन्य कच्चा माल लेकर कोलंबो बंदरगाह आए जहाज एमवी एक्स-प्रेस पर्ल में 20 मई को तट से 9.5 नौटिकल मील दूर आग लग गई। इसी जगह पर जहाज ने लंगर डाला था। जहाज के एक हिस्से में नाइट्रिक एसिड लदे होने के कारण मंगलवार सुबह आग से धमाका हुआ। अधिकारियों के मुताबिक, भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण बचाव अभियान में मुश्किलें हो रही हैं। नौसेना, बंदरगाह प्राधिकरण और समुद्री पर्यावरण सुरक्षा प्राधिकरण ने तुरंत आग बुझाने का काम शुरू कर दिया और माना जा रहा था कि आग पर काबू पा लिया गया है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter