मुंबई : दिल्ली के निर्भया कांड की याद दिलाने वाली एक घटना के तहत मुंबई में एक महिला से वाहन में दुष्कर्म और बेरहमी से मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि यह घटना साकीनाका इलाके की है और दुष्कर्म पीड़िता की हालत गंभीर है। एएनआइ के अनुसार, पीड़िता को गंभीर चोटें हैं।
दुष्कर्मी ने उसके प्राइवेट पार्ट में राड डाल दिया था। एक अधिकारी ने कहा कि आरोपित मोहन चौहान को घटना के कुछ घंटों बाद ही गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने कहा कि शुक्रवार तड़के पुलिस कंट्रोल रूम को किसी ने काल कर बताया कि खैरनी रोड पर एक महिला को कोई पीट रहा है। पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची।
वहां एक महिला खून से लथपथ पड़ी थी। उसे तत्काल राजवाड़ी अस्पताल ले जाया गया। शुरुआती जांच के अनुसार, महिला के साथ दुष्कर्म हुआ है और उसे बुरी तरह पीटा गया है। सड़क किनारे खड़े एक आटो में इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया गया। वाहन के अंदर खून के धब्बे फैले हुए थे। डाक्टरों के मुताबिक महिला की हालत गंभीर है।
कुछ सुराग मिलने पर आरोपित मोहन चौहान को आइपीसी की धारा 307 (हत्या का प्रयास) और 376 (दुष्कर्म) के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है।
मामले की जांच जारी है। बताते चलें कि दिसंबर 2012 में इसी तरह दिल्ली में एक छात्रा के साथ दुष्कर्म की जघन्य वारदात को अंजाम दिया गया था। निर्भया कांड के नाम से चर्चित इस घटना के खिलाफ पूरे देश में आक्रोश फैल गया था।


