मुंबई साकीनाका रेप केसः पीड़िता के परिवार और डीजीपी से मुलाकात करेंगे एनसीडब्ल्यू सदस्य

मुंबई : राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) की एक टीम ने रविवार को दुष्कर्म की शिकार उस महिला के स्वजन से मुलाकात की, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई थी। उसने अपराध स्थल के साथ-साथ उस अस्पताल का भी दौरा किया, जहां पीड़िता का इलाज किया गया था।

साकीनाका इलाके में शुक्रवार तड़के एक टेंपो में एक व्यक्ति ने महिला के साथ दुष्कर्म किया और राड से बेरहमी से पिटाई की। शनिवार तड़के एक अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। यह अपराध 2012 के दिल्ली के निर्भया सामूहिक दुष्कर्म मामले से मिलता-जुलता है।

एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक रविवार को महिला आयोग की टीम पहले साकीनाका इलाके में पीड़िता के घर गई और उसके परिवार के सदस्यों से मुलाकात की। बाद में टीम उस स्थान पर गई, जहां टेंपो के अंदर वारदात हुई थी।

आयोग की टीम बाद में मामले की जानकारी लेने के लिए साकीनाका पुलिस स्टेशन भी गई। अधिकारी ने कहा कि आयोग के सदस्य मामले के सिलसिले में राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के कार्यालय भी जा सकते हैं।

उत्तर प्रदेश के जौनपुर का रहने वाला आरोपित मोहन चौहान (45) ड्राइवर का काम करता था और उसी इलाके में फुटपाथ पर रहता था। इलाके के सीसीटीवी फुटेज की मदद से उसकी पहचान की गई और घटना के कुछ घंटों के भीतर उसका पता लगा लिया गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। 

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter