मुंबई । देश के प्रसिद्ध उद्योगपति मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) के घर ‘एंटीलिया के बाहर मिली विस्फोट से लदी गाड़ी को लेकर गरमाए मामले से जुड़ी अगली कड़ी को भी पुलिस ढ़ूंढ़ने में लगी है। मुकेश अंबानी के घर के पास विस्फोटक से लदी कार को एक नकाबपोश ने खड़ी की थी। इसमें एक धमकी भरा खत भी छोड़ा गया था। इसी मामले से जुड़ी दूसरी इनोवा कार शनिवार की सुबह मुंबई से बाहर भाग गई। मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने मुलुंड टोल नाके से एक सीसीटीवी फुटेज बरामद किया है, जिसमें इनोवा कार को मुंबई छोड़ते हुए देखा जा सकता है। इस मामले में पुलिस का कहना है कि नया सीसीटीवी फुटेज अंबानी के घर के बाहर मिली गाड़ी के मामले में काफी महत्वपूर्ण है।
इस फुटेज में ड्राइविंग सीट पर एक व्यक्ति बैठा दिख रहा है, जो टोल का भुगतान करने के लिए झूठ बोलता है और फिर कार को ठाणे की दिशा में मोड़ लेता है। इनोवा कार के चालक की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि सफेद इनोवा कार 25 फरवरी की सुबह 3.05 बजे के करीब पूर्वी एक्सप्रेस हाईवे का उपयोग करते हुए ठाणे की ओर वापस चली गई।
अंबानी के घर के बाहर आई थी दो कारें
अंबानी के घर के बाहर एक स्कॉर्पियो और दूसरी इनोवा पहुंची थीं। स्कॉर्पियो में बैठे ड्राइवर ने उसे वहीं छोड़ दिया था और इनोवा में सवार होकर वहां से चला गया था। बाद में पुलिस ने ‘एंटीलिया’ के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो गाड़ी से जिलेटिन की 20 छड़ें, कुछ डेटोनेटर्स और एक चिट्ठी बरामद की थी। पुलिस का मानना है कि मुलुंड टोल नाका पर सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई इनोवा कार का कनेक्शन अंबानी के घर के बाहर सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करने वाली स्कॉर्पियो पार्क कार से है। मौके से मिले सीसीटीवी फुटेज में एक व्श्क्ति नकाब में दिख रहा था और एक चेहरा छुपाए स्कॉर्पियो से निकल रहा था। अभी तक उसकी भी पहचान नहीं हो सकी है।
मुंबई पुलिस ने स्कॉर्पियो पार्क करने और उसमें विस्फोटक के मामले में गामदेवी पुलिस स्टेशन में आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। कहा जा रहा है कि उक्त गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर, मुकेश अंबानी की सुरक्षा व्यवस्था में लगी गाड़ी से मेल खाता है। पुलिस ने जांच के लिए वाहन को सीज कर लिया है। गुरुवार की शाम 4 बजे के करीब पुलिस को लावारिस कार की सूचना मिली थी। इधर गृहमंत्री ने भी अंबानी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अलर्ट रहने के निर्देश जारी किए हैं।


