मेल व एक्सप्रेस बनकर चलेंगी अनारक्षित ट्रेनें, समय की होगी बचत लेकिन देना होगा अतिरिक्त किराया

लखनऊ : मुंबई के बांद्रा जाने वाले यात्रियों को दो ट्रेनों में अब अधिक किराया देना होगा। रेलवे ने दो ट्रेनों के नंबर बदलकर उनको सुपरफास्ट करने का आदेश दिया है। इन ट्रेनों में यात्रियों को सुपरफास्ट का चार्ज भी देना होगा। रेलवे लखनऊ जंक्शन-बांद्रा एक्सप्रेस स्पेशल और गाजीपुर-बांद्रा स्पेशल ट्रेन का संचालन करता है।

इन एक्सप्रेस ट्रेनों में सामान्य किराया लगता है, जबकि नवंबर से रेलवे ने 09021 बांद्रा टर्मिनस-लखनऊ जंक्शन स्पेशल को नियमित सुपरफास्ट स्पेशल नए नंबर 20921 और 09022 लखनऊ जंक्शन-बांद्रा टर्मिनस स्पेशल को नए नंबर 20922 के साथ सुपरफास्ट बना दिया है। दूसरी तरफ ट्रेन 09041 बांद्रा टर्मिनस-गाजीपुर सिटी नए नंबर 20941 से और ट्रेन नंबर 09042 गाजीपुर सिटी-बांद्रा टर्मिनस 20942 नंबर से चलेगी।

इसके चलते जनरल क्लास से लेकर एसी फर्स्ट तक का किराया अधिक हो जाएगा। यात्रियों को अब इन दोनों ट्रेनों में सेकंड सिटिंग क्लास का 15 रुपये, स्लीपर क्लास का 30 रुपये, एसी थर्ड का 45 रुपये, एसी सेकंड का 45 रुपये और एसी फर्स्ट का 75 रुपये अधिक देना होगा।

अभी लखनऊ से बांद्रा का सेकंड सिटिंग क्लास का 395 रुपये, स्लीपर क्लास का 645 रुपये, एसी थर्ड का 1720 रुपये और एसी सेकंड का 2495 रुपये किराया है। अब इस किराये के साथ क्लास के अनुसार सुपरफास्ट चार्ज भी देना होगा। रेलवे बोर्ड ने इससे पहले कुशीनगर एक्सप्रेस स्पेशल को भी सुपरफास्ट किया था, जिसके बाद इस ट्रेन में सुपरफास्ट चार्ज को जोड़ दिया गया।

हालांकि, कुशीनगर एक्सप्रेस को सुपरफास्ट चार्ज का दर्जा देने के बाद इसकी गति को बढ़ाया गया था, जिससे अब कुशीनगर एक्सप्रेस से जाने में समय पहले से कम लगता है। उधर, लखनऊ जंक्शन बांद्रा और गाजीपुर-बांद्रा एक्सप्रेस स्पेशल की समय सारिणी में कोई बदलाव नहीं किया गया है। उनके ठहराव भी पूर्व की तरह होंगे। 

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter