म.प्र. में 16 जनवरी से 302 स्थानों पर शुरू होगी कोरोना वैक्सीन लगाने की प्रक्रिया

चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने मंगलवार को गाँधी मेडिकल कॉलेज के हमीदिया अस्पताल में कोरोना वैक्सीन सेन्टर पर आकर वैक्सीनेशन की व्यवस्थाओं और प्रक्रिया का जायजा लिया। सारंग ने इस दौरान डीन और अधीक्षक को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिये।

मंत्री सारंग ने कहा कि प्रदेश में 16 जनवरी से कोरोना वैक्सीन लगाने की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। प्रदेश में 302 स्थानों पर कोरोना वैक्सीन लगाई जायेगी। प्रथम चरण में लगभग साढ़े 4 लाख लोगों को वैक्सीन लगाने की प्रक्रिया शुरू होगी। इसमें हेल्थ वर्कर्स, कोरोना वारियर्स और 50 साल के ऊपर वाले लोगों को वैक्सीन लगाई जायेगी। निर्धारित गाइड लाइन के अनुसार सभी प्रोटोकाल का ध्यान रखते हुए यह कार्य किया जायेगा।

 सारंग ने कहा कि राजधानी में 2 जनवरी और बाकी शेष 51 जिलों में 8 जनवरी को ड्राय रन की प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है। निर्देशानुसार कोल्डचेन डेव्हलप कर स्टोरेज एवं ट्रांसपोर्ट के माध्यम से नियत तापमान पर एण्ड पाइन्ट तक वैक्सीन को पहुँचाने तक की निर्धारित प्रक्रिया की समीक्षा हो चुकी है। बुधवार को वैक्सीन प्राप्त होने की संभावना है। केन्द्र सरकार के कोविन पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन भी किया जायेगा। वैक्सीन लगवाने वाले को आधा घंटा आब्जर्वेशन में रखा जायेगा। किसी प्रकार की परेशानी आने पर फर्स्ट एड के तौर पर बेड, एम्बुलेन्स और डॉक्टर्स की टीम उपलब्ध रहेगी। उन्होंने ड्यूटी के दौरान तैनात डॉक्टर्स के नम्बर डिसप्ले बोर्ड पर लगवाने के निर्देश भी दिये।

मंत्री सारंग ने कहा कि वैक्सीन कोरोना की लड़ाई में कारगर साबित होगी। एक सेन्टर पर 100 वैक्सीन लगाने की तैयारी है। दूसरा डोज 28 दिन बाद लगाया जायेगा। उन्होंने बताया कि वैक्सीन 15 दिन बाद प्रभावी होगी। यह पहली बार होने जा रहा है कि वयस्क व्यक्तियों के वैक्सीनेशन की प्रक्रिया अपनाई गई है। अभी तक छोटे बच्चों का वैक्सीनेशन किया जाता रहा है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!