यूपी : बाढ़ नियंत्रण एवं राजस्व राज्यमंत्री विजय कश्यप का कोरोना से निधन, पीएम मोदी व सीएम योगी ने जताया शोक

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के राजस्व एवं बाढ़ नियंत्रण राज्यमंत्री विजय कश्यप का कोरोना से निधन हो गया। मंगलवार रात सवा दस बजे उन्होंने गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में अंतिम सांस ली। राज्यमंत्री कपिलदेव ने भी उनके निधन की पुष्टि करते हुए गहरा शोक व्यक्त किया है। कोरोना के शुरुआती लक्षण दिखाई देने पर उन्होंने जांच कराई थी। पाजिटिव रिपोर्ट आने पर वह सहारनपुर के कस्बा नानौता स्थित अपने आवास पर ही होम आइसोलेट हो गए थे। बाद में हालत बिगड़ने पर उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां मंगलवार रात सवा दस बजे उनका निधन हो गया। राजस्व एवं बाढ़ नियंत्रण राज्यमंत्री विजय कश्यप चरथावल विधानसभा सीट से भाजपा के विधायक थे। 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में उन्होंने सपा प्रत्याशी मुकेश चौधरी को 23 हजार से ज्यादा मतों से शिकस्त दी थी। वह युवावस्था से ही आरएसएस से जुड़े रहे और बौद्धिक प्रकोष्ठ के जिला प्रमुख भी रहे। शांत स्वभाव के विजय कश्यप मूल रूप से सहारनपुर के नानौता के रहने वाले थे। 

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter