यूरोप: फ्रांस समेत 16 देशों में बेरोक यात्रा कर सकेंगे कोविशील्ड लगवा चुके लोग

नई दिल्ली, एएनआइ : सीरम इंस्टीट्यूट आफ इंडिया के सीईओ अदार पूनावाल ने शनिवार को कहा कि यूरोपीय संघ के 16 देशों ने कोविशील्ड को मान्यता दे दी है, जिससे यह वैक्सीन लगवाने वाले लोग इन देशों की यात्रा कर सकेंगे।

आक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी-एस्ट्राजेनेका द्वारा विकसित कोरोना रोधी वैक्सीन का भारत में सीरम कोविशील्ड के नाम से उत्पादन और वितरण कर रही है। सीरम ने इसे कई देशों को निर्यात भी किया है।

पूनावाला ने ट्वीट किया, ‘यात्रियों के लिए वास्तव में यह अच्छी खबर है, क्योंकि 16 यूरोपीय देशों ने प्रवेश के लिए स्वीकार्य टीके के रूप में कोविशील्ड को मान्यता दे दी है।

परंतु, यात्रा करने वालों को सतर्क रहना चाहिए क्योंकि टीकाकरण के बावजूद हर देश में प्रवेश के लिए अलग-अलग दिशानिर्देश हो सकते हैं।’

कोविशील्ड को मान्यता देने वाले यूरोपीय संघ के देशों में आस्टि्रया, बेल्जियम, बुल्गारिया, फिनलैंड, जर्मनी, ग्रीस, हंगरी, आइसलैंड, आयरलैंड, लातविया, नीदरलैंड, स्लोवानिया, स्पेन, स्वीडन और स्विटजरलैंड शामिल हैं। फ्रांस ने भी शनिवार को दोनों डोज लगवाने वालों के प्रवेश से पाबंदी हटा ली है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter