नई दिल्ली : कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पार्टी की तेलंगाना इकाई के लिए राजनीतिक मामलों की समिति का गठन किया है। समिति का अध्यक्ष मनिकम टैगोर को नियुक्त किया गया है। वह राज्य कांग्रेस के प्रभारी भी हैं मुहम्मद शब्बीर अली समिति के संयोजक होंगे।
अन्य सदस्यों में तेलंगाना कांग्रेस अध्यक्ष ए. रेवंत रेड्डी, वरिष्ठ नेता मल्लू बी. विक्रमार्क, वी. हनुमंत राव, पी. लक्ष्मैया, के. जना रेड्डी व एन. उत्तम कुमार रेड्डी शामिल हैं।
टी. जीवन रेड्डी, रेणुका चौधरी, पी. बलराम नाइक, कोमाटिरेड्डी वेंकट रेड्डी, डी. श्रीधर बाबू, पोड्डेम वीरैया, अनसूया (सीथक्का) और कोमाटिरेड्डी राजगोपाल रेड्डी भी समिति के सदस्य होंगे।
इनके अलावा सभी राज्य इकाइयों के अध्यक्षों, कार्यकारी अध्यक्षों, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा अनुमोदित समितियों के सभी अध्यक्षों, तेलंगाना के सभी अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआइसीसी) सचिवों और सभी एआइसीसी प्रभारी सचिवों को भी राजनीतिक मामलों की समिति में बतौर सदस्य शामिल किया गया है।
कांग्रेस ने तेलंगाना में राजनीतिक मामलों के लिए समिति का गठन कर दिया है। समिति को तत्काल प्रभाव से मान्यता दे दी है। इस समिति में कुल 20 सदस्य हैं। इसकी अध्यक्षता सांसद मणिकम टैगोर करेंगे।
इससे पहले कांग्रेस की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष रेवंत रेड्डी की अगुआई में पार्टी के कई नेताओं ने हाल ही में राहुल गांधी से मुलाकात की थी। इस दौरान प्रदेश प्रभारी मणिकम टैगोर और चुनाव अभियान समिति के प्रमुख मधु गौड़ याक्षी भी उपस्थित थे।


