रतनगढ़ माता मंदिर पर बंध कटवाने आज पहुंचेंगे श्रद्धालु,दोज पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़
Ratangarh-mata-temple-ki-shrad

दतिया. रतनगढ़ माता मंदिर पर दोज मेले के आयोजन की अनुमति भले ही प्रशासन ने नहीं दी है, किंतु धार्मिक भावनाओं के मद्देनजर रतनगढ़ माता मंदिर पर भारी संख्या में श्रद्धालुओं का पहुंच रहे है। इसके चलते प्रशासन ने व्यापक तैयारियां कर वहां पर सुरक्षा प्रबंध किए हैं। बताया जाता है कि रतनगढ़ माता मंदिर पर दोज के दिन लगभग 15 से 20 लाख विभिन्न प्रदेशों और शहरों से यहां पर मन्नत उतारने आते हैं। लेकिन इस बार मेले पर प्रतिबंध के चलते इस संख्या में कमी रह सकती है।

इसीके चलते रतनगढ़ माता मंदिर पर दीपावली दोज पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए कलेक्टर संजय कुमार ने प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारी भी नियुक्त किए हैं। इस संबंध में जारी आदेश के मुताबिक जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अतेन्द्र सिंह गुर्जर को दीपावली दोज पर्व व्यवस्था के लिए प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सेवढ़ा अनुराग निंगवाल, जिला पंचायत के एसीईओ धनंजय मिश्रा और सीईओ जनपद पंचायत सेवढ़ा को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया है।

वहीं कानून व्यवस्था बनााए रखने के लिए इनके सहयोग के लिए कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की ड्यूटी विभिन्न स्थान और सेक्टरों पर लगाई गई है। सभी कार्यपालिक मजिस्ट्रेट 15 नवम्बर को दोपहर 2 बजे ड्यूटी स्थल पर पहुंच गए हैं। इसके अलावा मेडिकल सुविधा के लिए भी स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया गया है। पेयजल आपूर्ति एवं दर्शनार्थियों के मूलभूत सुविधाओं के इंतजाम सेवढा नगर पंचायत द्वारा किया गया है।

मन्नत पूरी करने आते हैं दूर-दूर से लोग

रतनगढ़ माता मंदिर पर दीपावली की दोज के दिन दूर-दूर से लोग अपनी मन्नत पूरी करने आते हैं। वहीं इस दिन सोमवार होने के कारण भी श्रद्धालु की भीड़ ज्यादा रहने की संभावना है। मान्यता है कि किसी भी जहरीले जीव जंतु के काटने पर रतनगढ़ माता व कुंवर बाबा के नाम पर उस स्थान पर पीड़ित व्यक्ति को बंध बांध दिया जाता है। इससे जहर का असर नहीं होता है। दीपावली के दूसरे दिन दोज पर यह श्रद्धालु उस पीड़ित को लेकर रतनगढ़ मंदिर पहुंचते हैं। जहां पहुंचते ही पीड़ित व्यक्ति को मेहर आने लगती है। उसके कुछ देर बाद रतनगढ़ मंदिर पर जल छिड़कने पर वह पूरी तरह स्वस्थ हो जाता है। इसी धार्मिक मान्यता के कारण यहां पर बड़ी संख्या में भक्तजन दोज के दिन बंध कटवाने आते हैं।

कलेक्टर एवं एसपी ने पहुंचकर देखी व्यवस्थाएं

रतनगढ़ मंदिर पर दीपावली की दोज पर 15 से 17 नवम्बर तक होने वाले आयोजन के संबंध में की जाने वाली विभागीय व्यवस्थाओं का गत दिवस कलेक्टर संजय कुमार एवं एसपी अमन सिंह राठौर ने अधिकारियांे के साथ रतनगढ़ पहुंचकर जायजा लिया। कलेक्टर एवं एसपी ने दोज पर की जाने वाली व्यवस्थाओं के संबंध में मंदिर के पहुंचमार्ग, वाहनों के लिए पार्किंग, विद्युत एवं प्रकाश की व्यवस्था तथा मूलभूत सुविधाएं तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी समीक्षा कर अधिकारियांे को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहाकि कोरोना संक्रमण को देखते हुए कोविड-19 की गाईड लाईन एवं शासन के दिशा निर्देशों का पालन सुनिश्चित तौर पर कराया जाए। आयोजन के दौरान सैनिटाइजर की व्यवस्था के साथ सोशल डिस्टेसिंग पर विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter