राहुल गांधी को बनाया जाए कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष, यूथ कांग्रेस की मीटिंग में प्रस्ताव पास

नई दिल्ली : भारतीय युवा कांग्रेस ने सोमवार को राहुल गांधी को फिर से कांग्रेस अध्यक्ष बनाने के लिए प्रस्ताव पारित किया। कांग्रेस की युवा शाखा ने एक बयान जारी कर कहा कि गोवा में युवा कांग्रेस की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के आखिरी दिन सर्वसम्मति से यह प्रस्ताव पारित किया गया।

युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी ने कहा कि राहुल गांधी को फिर से कांग्रेस का अध्यक्ष बनना चाहिए। इसके लिए कार्यकारिणी की बैठक में सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित किया गया। श्रीनिवास ने यह भी कहा कि आने वाले दिनों में युवा कांग्रेस देश हित में ज्वलंत मुद्दों की लड़ाई सड़कों पर लड़ेगी और इस संघर्ष को आम लोगों तक लेकर जाएगी।

दो दिनों तक चली बैठक में युवा कांग्रेस ने संगठन के सामने आने वाली चुनौतियों और उनसे किस तरह निपटा जाए, इसको लेकर चर्चा की। इसके अलावा संगठन के बड़े कार्यक्रमों, आंतरिक चुनाव, सदस्यता और प्रचार समेत तमाम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बयान में कहा गया कि बैठक के दौरान देश के सामने मौजूद गंभीर चुनौतियों मसलन-बेरोजगारी, बढ़ती महंगाई, किसानों की समस्या, राष्ट्रीय सुरक्षा, देश की संपत्तियों को बेचने आदि पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। इसके अलावा इस बात पर भी चर्चा हुई कि आने वाले दिनों में भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों से किस तरह लड़ाई लड़ी जाए। बैठक में राजनीतिक और संगठनात्मक प्रस्तावों को भी सर्वसम्मति से पारित किया गया। 

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!