रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचा शेयर बाजार, सेंसेक्स पहली बार 59,000 के पार, Nifty 17,600 के करीब

मुंबई : केंद्रीय कैबिनेट द्वारा बुधवार को टेलीकाम सेक्टर को बड़ी राहत दिए जाने से गुरुवार को घरेलू शेयर बाजारों में जबरदस्त उछाल देखा गया। दिन के कारोबार में बीएसई का 30-शेयरों वाला प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स पहली बार 59,000 के मनोवैज्ञानिक स्तर के ऊपर बंद हुआ।

दिन के कारोबार के आखिर में सेंसेक्स 417.96 अंकों यानी 0.71 फीसद मजबूती के साथ 59,141.16 पर बंद हुआ। नेशनल स्टाक एक्सचेंज (एनएसई) का 50-शेयरों वाला निफ्टी भी 110.05 अंक यानी 0.63 फीसद उछलकर 17,629.50 पर स्थिर हुआ।

सेंसेक्स और निफ्टी में यह लगातार तीसरे कारोबारी सत्र का उछाल था। सेंसेक्स पैक में सबसे अधिक 7.34 फीसद का उछाल इंडसइंड बैंक के शेयरों में दर्ज किया गया।

आइटीसी, एसबीआइ, आरआइएल, कोटक महिंद्रा बैंक, आइसीआइसीआइ बैंक और एक्सिस बैंक के शेयरों में भी बड़ी तेजी देखी गई। हालांकि सेक्टर को राहत के बावजूद भारती एयरटेल के शेयरों में गिरावट रही।

टीसीएस, टाटा स्टील, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक और डा. रेड्डीज के शेयर भी 1.32 फीसद तक फिसल गए। गुरुवार को वोडाफोन आइडिया के शेयरों में इंट्रा-डे में करीब 28 फीसद का उछाल देखा गया।

कंपनी के श्ेायर 25.98 फीसद मजबूत होकर 11.25 रुपये पर बंद हुए। सेक्टोरल इंडेक्स के मामले में बीएसई बैंकेक्स में सबसे अधिक 2.12 फीसद का उछाल दर्ज किया गया।

एनर्जी, फाइनेंस, एफएमसीजी तथा आयल व गैस इंडेक्स में भी निवेशकों ने अच्छी खरीदारी की। हालांकि मेटल, टेक, आइटी व बेसिक मैटीरियल्स से निवेशकों ने दूरी बनाई।

बीएसई के मिडकैप व स्मालकैप इंडेक्स में 0.48 फीसद का उछाल दर्ज किया गया। दिन के कारोबार के बारे में जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के रिसर्च प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि टेलीकाम सेक्टर पर वित्तीय बोझ घटता देखकर निवेशकों ने उन सरकारी बैंकों के शेयरों में अच्छी खरीदारी की, जिन्होंने इस सेक्टर को अच्छा-खासा कर्ज दिया हुआ है। 

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter