दतिया. शहर में बढ़ती कोरोना मरीजों की संख्या को देखते हुए कलेक्टर के निर्देश पर समाजसेवी संस्थाओं एवं प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन ने रोको टोको अभियान में अपना योगदान देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने शनिवार को पीतांबरा चौराहे से एक रैली प्रारंभ की । जो तिगैलिया, टाउन हॉल होते हुए किला चौक एवं दारूगर की पुलिया से वापस पीतांबरा चौराहे पर संपन्न हो गई। रैली के दौरान राहगीरों को कोरोना से बचाव के लिए मास्क एवं सैनिटाइजर इस्तेमाल करने की समझाइश दी गई। रास्ते में दोपहिया वाहन चालकों को बिना मास्क के देखकर उन्हें रोककर मास्क लगाने के लिए कहा गया। जिनके पास मास्क नहीं थे उन्हें मास्क बांटे। वहीं बिना मास्क दुकानों पर बैठे दुकानदारों को भी मास्क पहनने की समझाइश दी गई। कुछ दुकानदारों ने रैली को आता देख मास्क लगा लिए। रैली में राशिद खान जिलाध्यक्ष, मनिंदर सिंह, मोहित श्रीवास्तव, नीरज श्रीवास्तव, श्यामसुंदर, जितेंद्र खरे, संतोष उपाध्याय, आलोक जौहरी, तन्मय मिश्रा, राजेश श्रीवास्तव, अशोक यादव, ओम प्रकाश सोनी, नवीन कुशवाह, रामकुमार, समाजसेवी डॉ. राजू त्यागी सहित अन्य लोग शामिल रहे।
