लखनऊ: पूर्व सांसद व उनकी पत्नी भाजपा विधायक ने परशुराम मंदिर बनाने की घोषणा की

लखनऊ : जिस कानपुर में विकास दुबे के एनकाउंटर से उत्तर प्रदेश की सियासत में ब्राह्मण एक मुद्दा बनना शुरू हुआ, उसी क्षेत्र यानी कानपुर देहात में विपक्ष के इस मुद्दे की काट का प्रयास भाजपा खेमे से शुरू हुआ है।

सपा ने हर जिले में परशुराम की प्रतिमा लगवाना शुरू किया है। अब उसी राह पर चलते हुए कानपुर देहात के अकबरपुर रनियां से भाजपा विधायक प्रतिभा शुक्ला ने भी परशुराम मंदिर बनवाने की घोषणा की है।

मंदिर निर्माण के लिए गठित भगवान श्री परशुराम न्यास की अध्यक्ष प्रतिभा शुक्ला और उनके पति पूर्व सांसद व न्यास के संरक्षक अनिल शुक्ला वारसी ने गुरुवार को बताया कि कानपुर-आगरा हाईवे पर स्थित उमरन गांव में न्यास को सात बीघा जमीन दान में मिली है। वहां भगवान परशुराम का मंदिर बनवाकर 25 फीट की प्रतिमा लगवाने जा रहे हैं। मंदिर परिसर में परशुराम अनुसंधान केंद्र व वैदिक पाठशाला भी होगी।

अनिल शुक्ला ने दावा किया ब्राह्मण भाजपा के साथ था, है और रहेगा। यह मंदिर ब्राह्मणों को एकजुट करके राजनीतिक रूप से मजबूत बनाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस मंदिर के निर्माण से भाजपा का कोई संबंध नहीं है।

सरकार से भी मदद नहीं लेंगे। मंदिर चंदे से बनेगा। पार्टी के सांसद-विधायकों से जरूर सहयोग लिया जा सकता है। प्रदेश के दो करोड़ ब्राह्मणों को न्यास का सदस्य बनाने का लक्ष्य है। 

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter