लखनऊ समेत देश के 187 जिलों में लगातार घट रहे हैं कोरोना के नए मामले : स्वास्थ्य मंत्रालय

लखनऊ : कोरोना महामारी की दूसरी लहर से जूझ रहे भारत के लिए कुछ राहत के संकेत मिल रहे हैं। लखनऊ और वाराणसी समेत देश के 187 जिलों में पिछले दो हफ्तों से कोरोना संक्रमण के नए मामलों में लगातार गिरावट आ रही है। सक्रिय मामलों वाले राज्यों की संख्या भी 13 से घटकर 12 हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय में संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि पिछले दो हफ्तों से जिन 187 जिलों में लगातार संक्रमितों की संख्या घट रही है, उनमें उत्तर प्रदेश के लखनऊ, गोरखपुर और वाराणसी के साथ ही राजस्थान का अलवर और मध्य प्रदेश के ग्वालियर, भोपाल और इंदौर जिले हैं।

इसके अलावा महाराष्ट्र के नासिक, जलगांव, ठाणे, नागपुर और चंदरपुर और गुजरात के अहमदाबाद और सूरत जिले भी इसमें शामिल हैं। यही नहीं सप्ताह दर सप्ताह जांच में वृद्धि और संक्रमण दर में गिरावट वाले जिलों की संख्या भी बढ़ रही है।

22-28 अप्रैल वाले हफ्ते में ऐसे जिलों की संख्या 125 थी जो 2-12 मई वाले हफ्ते में बढ़कर 338 हो गई। अग्रवाल ने कहा कि 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में एक लाख से अधिक सक्रिय मामले हैं। दो दिन पहले ऐसे राज्यों की संख्या 13 थी। 50 हजार से एक लाख सक्रिय मामलों वाले राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की संख्या आठ है, जबकि 16 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 50 हजार से कम एक्टिव केस हैं।

उन्होंने कहा कि बिहार में सक्रिय मामलों में कमी आ रही है, जबकि जम्मू-कश्मीर में एक्टिव केस बढ़ रहे हैं। 24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में संक्रमण दर अभी भी 15 फीसद से ज्यादा बनी हुई है। लेकिन असल चिंता का कारण 10 राज्य हैं जहां संक्रमण की दर 25 फीसद से ज्यादा है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!