लखीमपुर खीरी : मृतक हरिओम की मां को बंधाया हौसला, शुभम के दसवें में शामिल हुए कानून मंत्री

लखीमपुर : उत्तर प्रदेश के कानून मंत्री ब्रजेश पाठक ने खीरी हिंसा में मारे गए भाजपा कार्यकर्ताओं के घर पहुंच कर उनके घरवालों को ढांढ़स बंधाया। ब्रजेश पाठक हिंसा में मारे गए लोगों के स्वजन से मिलने वाले पहले भाजपा नेता हैं जो दस दिन बाद वहां पहुंचे।

बुधवार को कानून मंत्री लखीमपुर खीरी के शीतला देवी मंदिर के सामने कर्मकांड स्थल पहुंचे, जहां पर दिवंगत भाजपा कार्यकर्ता शुभम मिश्र का दसवां हो रहा था। यहां शुभम के पिता विजय मिश्र, चाचा आचार्य अनूप मिश्र तथा बाबा से मिलकर उन्होंने संवेदना व्यक्त की। उन्होंने घटना को दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि न्याय पालिका पर वह पूरा विश्वास रखें।

सभी के साथ इंसाफ होगा। उन्होंने कहा कि संघर्ष में वह पूरा साथ देंगे, दोषियों को सजा मिलेगी। इससे पहले ब्रजेश पाठक चालक हरिओम मिश्र के परिवार से मिलने फरधान के गांव परसेहरा बुजुर्ग पहुंचे। हरिओम मिश्र की पारिवारिक स्थिति को देखकर मंत्री काफी व्यथित दिखे। उन्होंने परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। 

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter