सोनीपत : यहां की महिला को वाट्सएप पर ग्लोबल अवार्ड-2019 के लिए चयन होने व पौने तीन करोड़ की लाटरी निकलने का झांसा देकर 1.06 करोड़ रुपये ठगने के मामले में उत्तर प्रदेश के कानपुर के चरारीलाल बंगला निवासी अखिलेश को गिरफ्तार किया गया है।
आरोपित को सीआईए ने अंबाला कैंट से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित को आठ दिन के रिमांड पर लिया है।
यहां सेक्टर-15 की रहने वाली सरिता ने 19 सितंबर, 2019 को सिविल लाइन थाना पुलिस को बताया था कि 12 अगस्त को उसके मोबाइल नंबर पर मैसेज आया था कि आपकी पौने तीन करोड़ रुपये की लाटरी लगी है।
उसके बाद उन्होंने इनामी राशि लेने के लिए कनाडा दूतावास के डा. हैरी नेल्सन से संपर्क करने को कहा गया था। उसके पास मेल आई थी कि आरबीआइ में आपके नाम से अस्थायी खाता मनी ट्रांसफर के लिए खोला गया।
पैसे ट्रांसफर करने व पाउंड बदलने के नाम पर उससे अलग-अलग बैंक खातों में 16,42,350 रुपये डलवाए गए थे जिसमें 23,800 समर खां के खाते में, 86,800 रुपये कोनसम अनीता के खाते में, 4,86,750 हरेंद्र रावत के खाते में, 55000 रुपये हरेंद्र रावत के खाते में, 3.45 लाख रुपये धीरू मिश्रा के खाते में व पाउंड क्लीनिंग चार्ज के नाम से डेढ़ लाख रुपये मनोज विश्वकर्मा के खाते में डलवाए गए थे।
22 अगस्त को पाउल क्लेमेंट नाम का युवक आया था और खुद को यूएन आफिस दिल्ली का डिप्लोमेट बताकर दो सूटकेस में काला रंग लगे तीन लाख 35 पाउंड लेकर आया था। उसने दो नोट लेकर उन्हें साफ किया था। वह 50 पाउंड के निकले थे।
बाद में हैरी नेल्सन ने लाटरी की राशि लेने के लिए 90 लाख रुपये से अधिक का इंतजाम करने को कहा था। आरोपित उनके घर आए और 90 लाख रुपये लेकर चले गए थे। बाद में उन्होंने पाउंड की जांच की तो वह कागज मिले थे।


