लोकसभा सचिवालय के योग दिवस कार्यक्रम में सांसदों को ऑनलाइन संबोधित करेंगी प्रज्ञा ठाकुर

नई दिल्ली : भोपाल से भाजपा सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर लोकसभा सचिवालय द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में सांसदों को आनलाइन माध्यम से एक व्याख्यान देंगी। एक आधिकारिक अधिसूचना में यह जानकारी दी गई है।

लोकसभा सचिवालय द्वारा अधिसूचित एक संभावित कार्यक्रम में दोपहर 12 बजे के लिए ‘योग : जीवन का एक तरीका’ विषय पर ठाकुर के व्याख्यान को सूचीबद्ध किया गया है। उनसे पहले, राजस्थान के सीकर से भाजपा सांसद सुमेधानंद सरस्वती द्वारा ध्यान पर एक सत्र करने का कार्यक्रम है।

ठाकुर 2008 के मालेगांव विस्फोट मामले में आरोपित हैं। मई 2019 में लोकसभा चुनाव के दौरान ठाकुर ने यह बयान देकर एक बड़ा विवाद पैदा कर दिया था कि महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे एक देशभक्त थे। लेकिन बाद में इसके लिए उन्होंने माफी मांगी थी और बयान वापस ले लिया था।

उनकी विवादास्पद टिप्पणी के बाद उन्हें रक्षा मामलों की 21 सदस्यीय संसदीय परामर्शदात्री समिति से निष्कासित कर दिया गया था और भाजपा के संसदीय दल की बैठकों में शामिल होने से भी रोक दिया गया था। शुक्रवार को एक बुलेटिन में लोकसभा सचिवालय ने सदन के सदस्यों को योग दिवस पर संभावित कार्यक्रम के बारे में सूचना दी।

कार्यक्रम के मुताबिक, आयोजन सुबह सात बजे योग गुरु एमी देसाई के 50 मिनट के सत्र के साथ शुरू होगा। अन्य सत्र पूर्वाह्न 11 बजे शुरू होंगे। मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान के निदेशक वी.बासवरेड्डी भी कोविड के संदर्भ में योग के महत्व पर एक व्याख्यान देंगे।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter