बागपत : पंजाब के मोगा जिला के लंगियाना गांव पहुंचे फाइटर पायलट शहीद अभिनव चौधरी के स्वजन को ग्रामीणों ने पलकों पर बैठा लिया। उन्होंने वहां अभिनव का शहीदी स्थल देखा और गुरुद्वारे में उनकी आत्मिक शांति के लिए चल रहे पाठ में हिस्सा लिया। पंजाब के लंगियाना गांव के पास मिग-21 विमान क्रैश होने से पायलट अभिनव चौधरी शहीद हो गए थे। वहां की ग्राम पंचायत द्वारा एक सप्ताह से गुरुद्वारे में चल रहे शहीद के आत्मिक शांति पाठ का शुक्रवार को समापन था। सरपंच जगसीर सिंह ने परिवार वालों को शांति पाठ में आमंत्रित किया था। शहीद के स्वजन शुक्रवार को लंगियाना पहुंचकर पाठ में शामिल हुए। गांव के लोग भावुक हो गए। शहीद अभिनव के ताऊ गांव पुसार निवासी सूबे सिंह, पूर्व प्रधान भाग्यवीर, मास्टर विकास मलिक, प्रकाशवीर, जितेंद्र सिंह आदि ने बताया कि लंगियाना गांव और क्षेत्र में हर कोई अभिनव चौधरी की तारीफ कर रहा था, क्योंकि उन्होंने शहादत देकर लंगियाना खुर्द व लंगियाना कलां गांव के लोगों की जान बचाई थी। दोनों गांव की आबादी लगभग 20 हजार है। सरपंच ने गांव के मुख्य बस स्टैंड पर शहीद की प्रतिमा लगवाने की घोषणा की। इसके बाद स्वजन को उस स्थान पर ले गए, जहां विमान क्रैश हुआ था। परिवार वाले पंजाब से लौट आए हैं।

