सड़क किनारे की जा रही खुदाई से खेतों की बागड़ टूटी , फसलों को आवारा पशुओं का खतरा बढ़ा
दतिया. बसई क्षेत्र की पंचायत ठकुरपुरा में इन दिनों पाईप लाईन का काम किया जा रहा है । पाईप लाईन सड़क किनारे नाली खोदकर डाली जा रही है। जिससे खेतों की बागड़ को नुकसान पहुंच रहा है। इस कार्य को लेकर किसानों में आक्रोश है। किसानों का कहना है कि सड़क किनारे ख्ुदाई होने से उनके खेतों की बागड़ टूट रही है। जिससे खेतों में खड़ी उनकी फसल को आवारा पशुओं द्वारा चर जाने का खतरा बढ़ गया है। किसानों काे चिंता सता रही है कि खेतों के किनारे बनी बागड़ टूटने से फसल की सुरक्षा कैसे होगी।इस मामले में नाराज एक दर्जन किसानों ने बसई थाने पहुंचकर आवेदन दिया है। जिसमें पाइप लाइन कार्य के लिए खुदाई रोके जाने की मांग की गई है।

किसान राजेश कुमार राजपूत, चंदन सिंह लोधी, अनिल, हरदेव, देवसिंह, सोनू, करन सिंह द्वारा दिए गए आवेदन में उल्लेख है कि पाईप लाईन के लिए नाली खुदाई के काम को दो माह के लिए रोक दिया जाएं ताकि उनकी फसल को कोई खतरा पैदा न हो। रवि सीजन की फसल की बुआई हो चुकी है। फसल खेतों में जमने लगी है। ऐसी स्थिति में खेतों की सुरक्षा माने जाने वाली बागड़ टूट जाने पर खड़ी फसल को आवारा पशुओं से बचा पाना उनके लिए मुश्किल भरा होगा। फसल नष्ट होने का खतरा बढ़ जाने से किसान परेशान हैं। किसानों का कहना है कि यदि इस काम को जल्दी नहीं रोका गया तो हम आंदोलन के लिए विवश होंगे। किसान देवसिंह राजपूत ने बताया कि यह पाईप लाईन दो माह बाद डालनी चाहिए थी, अभी हमारी बागड़ टूट जाएगी तो पशु हमारी फसल को नष्ट कर देंगे। वहीं किसान चंदन सिंह लोधी ने बताया कि इस समय हमारी फसलें नष्ट होंगी इसीलिए यह काम गर्मियों में करना चाहिए था। किसान अपना आवेदन दतिया कलेक्टर को देने वाले थे, लेकिन जिला मुख्यालय अधिक दूर होने के कारण उन्होंने बसई थाने में ही आवेदन देना उचित समझा । किसानों ने थाना प्रभारी से फसलों की सुरक्षा को देखते हुए खुदाई कार्य रुकवाने की मांग की। यह पाईप लाईन माताटीला बांध से बबीना झांसी के लिए डाली जा रही। 

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter