समन को चुनौती: अभिषेक बनर्जी पहुंचे दिल्ली हाईकोर्ट, खुद व पत्नी को मिले ईडी के समन खारिज करने की मांग

कोलकाता : बंगाल में कोयला घोटाले से जुड़े मनी लांड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा दोबारा पूछताछ के लिए भेजे गए समन को तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के राष्ट्रीय महासचिव व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी ने दिल्ली हाई कोर्ट में चुनौती दी है।

अपनी याचिका में उन्होंने 10 सितंबर को ईडी द्वारा पीएमएलए की धारा 50 के तहत जारी उस समन को रद करने की मांग की है, जिसमें 21 सितंबर को जांच एजेंसी के सामने पूछताछ के लिए उन्हें अनिवार्य रूप से पेश होने को कहा गया है।

गौरतलब है कि कोयला घोटाले के मामले में इससे पहले ईडी ने बीते छह सितंबर को अभिषेक बनर्जी से दिल्ली स्थित जांच एजेंसी के कार्यालय में लगातार नौ घंटे तक पूछताछ की थी। इसके बाद आठ सितंबर को ईडी ने उन्हें फिर पूछताछ के लिए दिल्ली बुलाया था, लेकिन वह हाजिर नहीं हुए थे।

इसके बाद ईडी ने 10 सितंबर को उन्हें फिर नोटिस भेजा और दिल्ली स्थित कार्यालय में 21 सितंबर को जांच के सिलसिले में पेश होने को कहा है।

ईडी सूत्रों का कहना है कि इससे पहले छह सितंबर को हुई पूछताछ में अभिषेक ने संतोषजनक जवाब नहीं दिए थे, इसीलिए जांच एजेंसी उनसे इस संबंध में पूछताछ करना चाहती है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter